जब ग्रीन कॉरिडोर से 31 मिनट में निकला एम्बुलेंस

ठाणे। यातायात जाम की समस्या लोगों को मुसीबत में डाल रही है. खासकर उस वक्त परिस्थिति विकट हो जाती है जब जाम में कोई एम्बुलेंस अटक जाता है. ऐसी ही समस्या उस वक्त महसूस की गई जब एक महिला मरीज को लिवर ट्रांस्पलांट के लिए जल्द से जल्द मुंबई पहुंचना था. इस बात की जानकारी मिलने के बाद ठाणे यातायात पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उस महिला मरीज को मुंबई पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस को नासिक-ठाणे हाइवे के जरिए 29 किलोमीटर की दूरी 31 मिनट में तय कराई. दरअसल महिला को मुंबई के केईएम अस्पताल में लिवर ट्रांस्पलांट के लिए ले जाया जा रहा था. यातायात पुलिस ने भिवंडी के वडपे से ठाणे शहर के आनंद नगर तक का ग्रीन कॉरिडोर बनाया. मालूम हो कि यह दूरी तय करने में कम से कम डेढ़ घंटे का समय लगता है. लेकिन ग्रीन कॉरिडोर से यह सफर 31 मिनट में पूरा हो सका. पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) अमित काले के अनुसार, संदेश मिलते ही अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत सूचित किया गया और उन्होंने समय न गवांते हुए तैयारी पूरी की.
