राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न

जयपुर। राजस्थान में राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह-2026 के भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में मंगलवार को शासन सचिवालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बीकानेर में आयोजित होगा राज्य स्तरीय मुख्य समारोह
मुख्य सचिव ने कहा कि यह बीकानेर शहर के लिए बेहद गर्व की बात है कि इस वर्ष स्वाधीनता दिवस का मुख्य राज्य स्तरीय समारोह वहां आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को बीकानेर जिला प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल बनाकर तय सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
सांस्कृतिक संध्या और 'एट होम' कार्यक्रमों पर विशेष जोर
बैठक में बीकानेर और जयपुर में होने वाले 'एट होम' कार्यक्रमों के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बीकानेर में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि यह सांस्कृतिक संध्या राजस्थान की समृद्ध विरासत और देशभक्ति की भावना को दर्शाने वाली और यादगार होनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का लिया जायजा
समीक्षा बैठक के दौरान बीकानेर जिला कलेक्टर से समारोह स्थल, पार्किंग, सुरक्षा प्रबंध, यातायात, पेयजल, बिजली और चिकित्सा सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली गई। मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों, लोक कलाकारों और आम जनता की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के आदेश दिए।
