कान दर्द समझकर अस्पताल पहुंचे परिजन, डॉक्टर ने निकाला जिंदा बिच्छू तो रह गए दंग

धार। मध्यप्रदेश के धार जिले के बाग क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 15 वर्षीय किशोरी के कान में बिच्छू घुस गया। शुरुआत में परिजनों ने इसे कोई सामान्य कीड़ा समझा और कान में पानी डालकर निकालने की कोशिश की, लेकिन जब आराम नहीं मिला तो बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने सावधानीपूर्वक बिच्छू की पूंछ पकड़कर उसे बाहर निकाला, जिसे देख हर कोई दंग रह गया।

सामान हटाते समय कान में घुसा जीव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाग क्षेत्र के ग्राम वेकलिया निवासी बनसिंह चौहान की 15 वर्षीय बेटी अंतिम घर में चारे का भारा और सामान व्यवस्थित कर रही थी। इसी दौरान उसे कान में कुछ चले जाने का अहसास हुआ। कान में असहजता और हलचल होने पर परिजनों ने साधारण कीड़ा मानकर कान में पानी डाला, किंतु बालिका की तकलीफ कम नहीं हुई।

चिकित्सक ने बिच्छू को सुरक्षित निकाला बाहर

लगभग एक घंटे बाद परिजन किशोरी को बाग स्थित वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.के. शिंदे के पास ले गए। टॉर्च की मदद से जांच करने पर डॉक्टर को कान के भीतर किसी जीव की पूंछ बाहर लटकती दिखाई दी। डॉक्टर ने बिना देर किए बेहद सावधानी से उसे बाहर खींचा, तो वह एक छोटा बिच्छू निकला। चिकित्सक ने बताया कि कान में कीड़ा जाना आम बात है, लेकिन बिच्छू का घुसना बेहद दुर्लभ है। समय पर इलाज मिलने से किशोरी को सुरक्षित बचा लिया गया।

Leave a Reply