सोलापुर में गरमाई महाराष्ट्र की सियासत, एनसीपी से टूटकर शिंदे गुट में पहुंचे 15 नगरसेवक

सोलापुर: महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सोलापुर जिले में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार गुट वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को एक तगड़ा झटका लगा है। वैराग नगर पंचायत की नगराध्यक्ष सुजाता डोलसे और उपनगराध्यक्ष निरंजन भूमकर सहित कुल 15 नगरसेवकों ने एनसीपी का साथ छोड़कर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की गरिमामयी उपस्थिति में इन सभी जनप्रनिधियों ने शिवसेना में औपचारिक रूप से प्रवेश किया।

स्थानीय राजनीति और बार्शी तालुका पर असर

एक ही झटके में नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और 15 पार्षदों के पार्टी छोड़ने को सोलापुर जिले में एनसीपी के लिए एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है। इस राजनीतिक घटनाक्रम का सीधा प्रभाव बार्शी तालुका की स्थानीय राजनीति पर पड़ना तय माना जा रहा है।

गौरतलब है कि निरंजन भूमकर इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से बार्शी विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं और लंबे समय से पार्टी में सक्रिय रहे हैं। उनके साथ इतने बड़े पैमाने पर पार्षदों का पाला बदलना स्थानीय स्तर पर नए राजनीतिक समीकरणों को जन्म दे रहा है।

महायुति के भीतर बढ़ती राजनीतिक प्रतिस्पर्धा

यह घटनाक्रम इसलिए भी बेहद खास चर्चा का विषय बना हुआ है क्योंकि यह फेरबदल विपक्षी खेमे में नहीं, बल्कि सत्ताधारी 'महायुति' गठबंधन के दो घटक दलों के बीच हुआ है। अब तक विपक्षी दलों के नेताओं के शिंदे गुट में शामिल होने की खबरें आती थीं, लेकिन गठबंधन के भीतर से ही जनप्रतिनिधियों का इस तरह पाला बदलना राजनीतिक हलकों में नए सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल इस बड़े दलबदल पर एनसीपी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply