बंगाल की खाड़ी में बड़ा हादसा, चीन जाने वाला मालवाहक जहाज लापता

पारादीप: बंगाल की खाड़ी में ओडिशा के पारादीप तट से लगभग 200 नॉटिकल मील दूर चीन की ओर जा रहा एक कमर्शियल मालवाहक जहाज रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया है। जहाज का अचानक संपर्क टूट जाने से हड़कंप मच गया है। पोत पर चालकों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 24 लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और भारतीय नौसेना ने गहरे समुद्र में बड़े पैमाने पर तलाशी व बचाव अभियान (SAR Operation) शुरू कर दिया है। आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटनाग्रस्त होकर जहाज समुद्र में डूब गया है, हालांकि नौसेना अधिकारियों द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

लोहे के अयस्क से लदा था मालवाहक जहाज

पारादीप पोर्ट अथॉरिटी से प्राप्त प्राथमिक ब्योरे के अनुसार, यह कार्गो शिप 20 अगस्त की देर रात लगभग 10:30 बजे पारादीप बंदरगाह से चीन के गंतव्य के लिए रवाना हुआ था। जहाज पर करीब 1,700 टन आयरन ओर फाइन्स (कच्चा लोहा) लदा हुआ था। गहरे पानी में सफर के दौरान तट से दूर जाते ही अचानक जहाज का रेडियो और सैटेलाइट संपर्क कट गया। नौसेना और तटरक्षक बल के विमान व गश्ती पोत लापता चालक दल की खोज में लगातार अभियान चला रहे हैं।

Leave a Reply