पॉलिसी रिन्यूअल के नाम पर 6 लाख की ठगी, आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

अजमेर। पुलिस ने पॉलिसी रिन्यूअल के नाम पर करीब 6 लाख 50 हजार रुपए की साइबर ठगी के मामले में दिल्ली से विकास कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी विकास ने अपने साथियों के साथ मिलकर अजमेर निवासी राजकुमार हेड़ा से पॉलिसी रिन्यूअल कराने के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जांच में पुलिस ने ठगी की रकम के लेन-देन की जानकारी जुटाई। रकम जिन बैंक खातों में पहुंची थी, पुलिस ने उन खातों के खाताधारकों की पहचान की। बैंकिंग ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई, इसी क्रम में पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और विकास कुमार को गिरफ्तार किया। शुरुआती पूछताछ में पुलिस के सामने आया कि विकास कुमार ने सूर्यांश के नाम से कपड़ों की दुकान के नाम पर आईजीएमएस कॉरपोरेशन फर्म का बैंक खाता खुलवाया था। इस खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। खाता उपलब्ध कराने के बदले सूर्यांश को प्रतिदिन 500 रुपए दिए जाते थे, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्म और बैंक खाते का इस्तेमाल कितने समय से किया जा रहा था और इसके जरिए कितनी रकम का लेन-देन हुआ।
जांच में यह भी सामने आया है कि ठगी के जरिए खाते में पहुंचने वाली रकम में से करीब 10 फीसदी हिस्सा विकास अपने पास रखता था। इसके बाद बची हुई रकम को अन्य आरोपियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करता था। इससे पुलिस को साइबर ठगी के एक संगठित नेटवर्क से जुड़े होने का शक है। इस मामले में पुलिस विकास कुमार के साथ सूर्यांश, अमृत और आसिफ को भी अजमेर लेकर पहुंची। यहां आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क, रकम के लेन-देन और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मामले में अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है।
