नर्मदा डैम का पानी ऐतिहासिक स्तर के पार

अहमदाबाद | गुजरात की जीवनदायिनी नर्मदा डैम का पानी ऐतिहासिक स्तर को पार कर 132.41 मीटर पर पहुंच गया है| मध्य प्रदेश के इंदिरा सागर डैम से लगातार पानी छोड़े जाने की वजह से नर्मदा डैम के जलस्तर में इजाफा हो रहा है| मध्य प्रदेश के साथ ही महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण नर्मदा डैम में 117000 क्यूसेक पानी की आय होने से पानी रिकार्ड स्तर पर है| नर्मदा डैम के 7 दरवाजे खोलकर 116085 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है| डैम में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी की आय से नर्मदा नदी उफान पर है| जिसे देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे के 26 जितने गांवों को सतर्क कर दिया है| पानी की लगातार आय को देखते हुए 1200 मेगावाट के पावर हाउस के 6 यूनिट पिछले 12 दिनों से चल रहे हैं| पावर हाउस में 24 घंटों में 30 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है| कैनाल हेड पावर हाउस के 2 टर्बाइन भी चालू कर दिए गए हैं| रोजाना करीब रु. 7 करोड़ की बिजली का उत्पादन हो रहा है|
