ओरछा में जुटेंगे बीजेपी के दिग्गज, 2028 चुनाव से पहले संगठन का रोडमैप होगा तैयार

निवाड़ी: श्री रामराजा सरकार की ऐतिहासिक नगरी ओरछा के राजमहल/राज विलास परिसर में मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक की औपचारिक शुरुआत हुई। राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय शीर्ष नेतृत्व की गरिमामयी मौजूदगी में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, संगठनात्मक विस्तार, प्रशिक्षण अभियानों और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श किया जा रहा है। इसके साथ ही 'समरसता का संकल्प' और 'विकसित भारत 2047' की संकल्पना को गति देने के लिए एक सुदृढ़ कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन और 'मन की बात' का सामूहिक श्रवण
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे प्रतिनिधियों के पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) और अल्पाहार के साथ हुआ। इसके तुरंत बाद ध्वजारोहण, विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन और प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया गया। पूर्वाह्न 11:30 बजे विधिवत उद्घाटन सत्र का आयोजन हुआ, जिसमें महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए और संगठनात्मक एजेंडे पर चर्चा की गई। सायंकालीन सत्र में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सभी वरिष्ठ नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए श्री रामराजा मंदिर में दर्शन व पूजन का विशेष कार्यक्रम रखा गया है।
राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेतृत्व का विशाल जमावड़ा
इस महामंथन में पार्टी के शीर्ष राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय दिग्गजों की सक्रिय उपस्थिति है। बैठक में राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल उपस्थित हैं। इसके अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी व सांसद तरुण चुघ, उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य, राष्ट्रीय महासचिव व सांसद गजेंद्र पटेल, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार, दुर्गादास उईके, सावित्री ठाकुर, राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संयोजक व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, राष्ट्रीय मंत्री व सांसद कविता पाटीदार और राष्ट्रीय मीडिया सहसंयोजक आशीष उषा अग्रवाल सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, जिलाध्यक्ष और मोर्चा अध्यक्ष मौजूद हैं।
