अवैध निर्माण शराब निर्माण में संलिप्त पर कड़ी कार्यवाही करें

जयपुर। कोटपुतली बहरोड़, जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण एवं युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एन-कोर्ड) समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह भी मौजूद रहे।बैठक में जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी, नशीली दवाओं के दुरुपयोग, अवैध शराब कारोबार तथा नशे के विरुद्ध संचालित अभियानों की समीक्षा की गई।
पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी ली गई।जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने निर्देश दिए कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी एवं निरंतर कार्रवाई करें। उन्होंने ड्रग इंस्पेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को अनधिकृत चिकित्सकों, झोलाछाप चिकित्सकों एवं नियम विरुद्ध संचालित औषधि विक्रेताओं के विरुद्ध नियमित जांच एवं कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण कर प्रतिबंधित एवं नशीले घटकों से युक्त दवाओं की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध लाइसेंस निरस्तीकरण सहित नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जिला कलेक्टर ने आबकारी विभाग को अवैध शराब एवं हथकड़ शराब के निर्माण तथा बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, नियमित निगरानी बढ़ाने एवं प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शराब ठेकों का संचालन निर्धारित समय के अनुसार सुनिश्चित करने के लिए पुलिस के समन्वय से औचक निरीक्षण एवं कार्रवाई करने को कहा।उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं एवं विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग एवं पुलिस विभाग के समन्वय से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही नियम विरुद्ध संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
