दृष्टिबाधित छात्रों की पढ़ाई को लेकर राज्यपाल डेका का बड़ा संदेश, प्रयास बढ़ाने पर जोर

रायपुर। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक के माध्यम से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रयासरत 'वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़' का नाम प्रतिष्ठित 'गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में दर्ज किया गया है। राज्यपाल रमेन डेका ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर टीम के सदस्यों को लोक भवन (राजभवन) में आमंत्रित कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए और सम्मानित किया। राज्यपाल ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को सहजता से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराना समाज और शासन का सामूहिक दायित्व है।

राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षिका के नेतृत्व में 30 शिक्षकों की अनूठी पहल

दृष्टिबाधित और सामान्य विद्यार्थियों के लिए 11,000 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने के लक्ष्य के साथ इस अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर 2024 को हुई थी। इस परियोजना का नेतृत्व राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका सुश्री के. शारदा कर रही हैं। वे स्वयं अब तक 1,800 से अधिक ऑडियो पुस्तकें रिकॉर्ड कर चुकी हैं। उनके साथ छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से जुड़े 30 समर्पित शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने नियमित शिक्षण कार्यों के साथ-साथ इस पुनीत कार्य में निरंतर योगदान दे रहे हैं।

डिजिटल मंच पर 8 लाख से अधिक व्यूज और 107 प्लेलिस्ट

टीम द्वारा संचालित 'वर्ल्ड ऑडियो बुक' डिजिटल चैनल पर अब तक 107 से अधिक विषयवार प्लेलिस्ट तैयार की जा चुकी हैं, जिन्हें 8 लाख से अधिक बार देखा और सुना जा चुका है। इस मंच के माध्यम से स्कूली पाठ्यक्रम पर आधारित प्रमाणित अध्ययन सामग्री ऑडियो प्रारूप में सुलभ कराई जा रही है, जिससे दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को पढ़ाई में आत्मनिर्भर बनने में बड़ी मदद मिल रही है।

समान अवसर और आत्मनिर्भरता पर राज्यपाल का जोर

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि शिक्षा का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना आवश्यक है। ऑडियो माध्यम से शिक्षा उपलब्ध कराना दृष्टिबाधित बच्चों को मुख्यधारा में लाकर समान अवसर प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर है। उन्होंने इस प्रकार की समावेशी शिक्षण पहलों को और व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने पर बल दिया।

सम्मान समारोह के दौरान गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ प्रमुख डॉ. सोनल राजेश शर्मा सहित वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply