न्याय की मांग को लेकर CJP नेताओं का प्रदर्शन, संसद मार्ग थाने के बाहर उठी आवाज

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर नीट (NEET) छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान एक छात्र के पिता के साथ हुई कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं और पार्टी प्रवक्ता सौरव दास ने पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी खुद को हिंदुत्व इन्फ्लुएंसर बताने वाले स्वतंत्र भारद्वाज की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने थाने के बाहर बैरिकेडिंग कर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है।
स्वतंत्र भारद्वाज के एक इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह विवाद गरमा गया। इस वीडियो में भारद्वाज ने कथित तौर पर स्वीकार किया था कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सीजेपी से जुड़े छात्र निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट की थी। सीजेपी ने आरोप लगाया है कि स्पष्ट बयानों के बावजूद दिल्ली पुलिस मामले में ठोस कार्रवाई करने से बच रही है।
सीजेपी नेताओं का कहना है कि संजय कुमार छात्रों की मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख रहे थे, तभी उन पर सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किया गया। संगठन का दावा है कि इस हमले में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनकी स्थिति काफी नाजुक हो गई थी। पार्टी प्रतिनिधियों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और वीडियो में किए गए दावों की पुष्टि कर आरोपी पर सख्त धाराओं में कार्रवाई हो। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के उन दावों का खंडन किया है जिनमें संजय कुमार की खोपड़ी में फ्रैक्चर होने की बात कही गई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के दौरान हुई हाथापाई में पीड़ित को मामूली चोटें आई थीं। पुलिस का कहना है कि घटना के समय ही पीड़ित की शिकायत के आधार पर उचित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया था और मामले से जुड़े सभी कानूनी पहलुओं की विधिवत जांच की जा रही है।
