एशियन गेम्स में भारत का खुला गोल्ड खाता, महिला क्रिकेट टीम ने जीता लगातार दूसरा स्वर्ण

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया है। श्रीलंका के खिलाफ खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत की बेटियों ने 147 रन की ऐतिहासिक और विशाल जीत दर्ज कर भारत का स्वर्णिम खाता खोला। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। 217 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के घातक प्रहार के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 15.4 ओवर में मात्र 69 रन पर ढेर हो गई।

एशियन गेम्स में भारत का लगातार दूसरा स्वर्ण पदक

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा बरकरार रखा है। इससे पहले 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम ने चैंपियन बनकर स्वर्णिम सफलता हासिल की थी। इस जीत के साथ ही एशियन गेम्स 2026 की पदक तालिका में भारत के कुल पदकों की संख्या सात हो गई है, जिससे भारत तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गया है।

मंधाना, शेफाली और ऋचा का तूफानी प्रदर्शन

भारतीय पारी की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। स्मृति मंधाना ने 79 रन की शानदार पारी खेली, जबकि सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 48 रन बनाकर टीम को मजबूत नींव प्रदान की। पारी के अंतिम क्षणों में ऋचा घोष ने विध्वंसक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज 22 गेंदों में 49 रन कूट दिए और टीम के स्कोर को 200 के पार पहुँचा दिया।

श्रीलंका पर भारतीय टीम का पूर्ण वर्चस्व

इस खिताबी जीत के साथ ही भारत ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार आठवीं जीत दर्ज की है। टी20 प्रारूप में यह भारत की अब तक की सबसे लंबी विजयी लय है। वर्ष 2024 एशिया कप के फाइनल में मिली हार के बाद से दोनों टीमों के बीच हुए सभी आठों मुकाबलों में भारत ने एकतरफा जीत हासिल की है।

टूर्नामेंट फाइनल्स में भारत बनाम श्रीलंका का रिकॉर्ड

वर्षटूर्नामेंटविजेताजीत का अंतर
2022एशिया कप फाइनलभारत8 विकेट
2023एशियन गेम्स फाइनलभारत19 रन
2024एशिया कप फाइनलश्रीलंका8 विकेट
2026एशिया कप फाइनलभारत72 रन
2026एशियन गेम्स फाइनलभारत147 रन

विपक्षी टीम के कुल स्कोर पर अकेले भारी पड़ीं स्मृति मंधाना

स्मृति मंधाना ने फाइनल में अकेले 79 रन बनाए, जो कि पूरी श्रीलंकाई टीम के कुल स्कोर (69 रन) से 10 रन अधिक था। भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में यह छठा मौका है जब किसी भारतीय बल्लेबाज का व्यक्तिगत स्कोर पूरी विपक्षी टीम के कुल स्कोर से अधिक रहा हो।

  • 2014 (सिलहट): हरमनप्रीत कौर (77 रन) बनाम बांग्लादेश (72/8)

  • 2018 (कुआलालंपुर): मिताली राज (97*) बनाम मलयेशिया (27)

  • 2022 (सिलहट): जेमिमा रोड्रिग्स (75*) बनाम यूएई (74/4)

  • 2026 (दुबई): स्मृति मंधाना (124 रन) बनाम हांगकांग (56)

  • 2026 (निसिन): शेफाली वर्मा (100*) बनाम बांग्लादेश (81)

  • 2026 (निसिन): स्मृति मंधाना (79 रन) बनाम श्रीलंका (69)

भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे बड़ी जीत

श्रीलंका के खिलाफ 147 रन की यह जीत भारतीय महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास की रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत बन गई है। इससे पूर्व भारत की सबसे बड़ी जीत 142 रन की थी, जो 2018 में मलयेशिया के खिलाफ दर्ज की गई थी।

जीत का अंतरविपक्षी टीमस्थानटूर्नामेंट/वर्ष
147 रनश्रीलंकानिसिनएशियन गेम्स 2026
142 रनमलयेशियाकुआलालंपुरएशिया कप 2018
137 रनहॉन्गकॉन्गदुबईएशिया कप 2026
114 रनबांग्लादेशनिसिनएशियन गेम्स 2026
104 रनयूएईसिलहटएशिया कप 2022

वहीं दूसरी ओर, 147 रन की यह पराजय श्रीलंकाई महिला क्रिकेट टीम के टी20 इतिहास की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार साबित हुई है। इससे पहले श्रीलंका की सबसे बड़ी हार 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (132 रन) आई थी।

Leave a Reply