पंच बद्री में से एक श्रीध्यान बद्री मंदिर, जहां ध्यान मुद्रा में विराजमान भगवान विष्णु, जानें बद्रीनाथ को लेकर छिड़े विवाद की सच्चाई

उत्तराखंड की पहाड़ियां सिर्फ प्राकृतिक खूबसूरती के लिए नहीं, बल्कि अपनी गहरी आध्यात्मिक परंपरा के लिए भी जानी जाती हैं. यहां कई ऐसे तीर्थ हैं, जहां पहुंचते ही वातावरण की शांति मन को भीतर तक छू जाती है. इन्हीं पवित्र स्थलों में से एक है चमोली जिले के पांडुकेश्वर में स्थित योगध्यान बद्री मंदिर, जिसे पंच बद्री और सप्त बद्री परंपरा के महत्वपूर्ण तीर्थों में गिना जाता है. चमोली जिला प्रशासन के अनुसार यह मंदिर बद्रीनाथ मंदिर जितना ही पुराना माना जाता है और यहां भगवान विष्णु की ध्यान मुद्रा वाली प्रतिमा की पूजा होती है. हाल ही में बद्रीनाथ धाम के पास आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है. वीडियो में तेज संगीत, डीजे और जांस का माहौल भी दिख रहा है. खास बात यह है कि इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे. आइए इस विवाद के बीच पंच बद्री में से एक योगध्यान बद्री मंदिर के बारे जानते हैं खास बातें…

जहां ध्यान मुद्रा में हैं भगवान विष्णु
बद्रीनाथ से जुड़े तीर्थ क्षेत्र में स्थित योगध्यान बद्री मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है. चमोली जिला प्रशासन के मुताबिक पांडुकेश्वर, जोशीमठ से करीब 24 किलोमीटर दूर स्थित है और यहां का योगध्यान बद्री मंदिर पंच बद्री के प्रमुख तीर्थों में शामिल है. मंदिर में भगवान विष्णु की प्रतिमा ध्यानमग्न मुद्रा में स्थापित है. भगवान विष्णु के इसी ध्यानमग्न स्वरूप के कारण इसे योगध्यान बद्री कहा जाता है. उत्तराखंड पर्यटन विभाग भी पांडुकेश्वर को बद्रीनाथ और जोशीमठ के बीच स्थित महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल के रूप में बताता है और यहां योगध्यान बद्री मंदिर को सप्त बद्री के मंदिरों में शामिल करता है.
राजा पांडु की तपस्या से जुड़ी है मान्यता
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार यहां भगवान विष्णु की प्रतिमा ध्यान मुद्रा में स्थापित है, जहां पांडवों के पिता राजा पांडु ने अपने पापों का प्रायश्चित करने के लिए कठिन तपस्या की थी. दरअसल, पांडवों के वंशज राजा पुरंजय के पुत्र उर्वरऋषि ने उर्गम घाटी में भगवान विष्णु की प्राप्ति के लिए कठोर तपस्या की थी. उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु यहां प्रकट हुए. इस स्थान पर भगवान विष्णु की काले पत्थर से बनी चतुर्भुजी प्रतिमा ध्यान मुद्रा (पद्मासन) में स्थापित है. भगवान के इसी ध्यानमग्न स्वरूप के कारण इस पवित्र स्थल का नाम ‘ध्यान बद्री’ पड़ा. मुख्य बद्रीनाथ धाम की तुलना में यह स्थान बेहद शांत, एकांत और प्राकृतिक सुंदरता से घिरा हुआ है, जो ध्यान और साधना के लिए उत्तम माना जाता है. इसके पास ही प्रसिद्ध पंच केदार में से एक कल्पेश्वर महादेव मंदिर भी स्थित है. यहां पुराने ताम्रपत्र और शिलालेख भी मिले हैं, जो क्षेत्र के इतिहास और कत्यूरी राजाओं से जुड़ी जानकारी देते हैं. यानी जिस क्षेत्र में आज भी भगवान विष्णु के ध्यानमय स्वरूप की पूजा होती है, उसकी धार्मिक पहचान ही तप, साधना और एकांत से जुड़ी हुई है.

बद्रीनाथ से अलग, लेकिन उसी आध्यात्मिक परंपरा का हिस्सा
बद्रीनाथ धाम देश के प्रमुख तीर्थों में शामिल है. इसके आसपास का पूरा क्षेत्र भगवान विष्णु की उपासना और प्राचीन तीर्थ परंपराओं से जुड़ा है. उत्तराखंड पर्यटन के अनुसार, पांडुकेश्वर बद्रीनाथ जाने वाले मार्ग पर स्थित है और यहां आने वाले कई श्रद्धालु इन मंदिरों में भी दर्शन करते हैं. यही वजह है कि हालिया सांस्कृतिक कार्यक्रम के विवाद ने एक बड़ी बहस को जन्म दिया है कि क्या धार्मिक स्थलों के आसपास सांस्कृतिक कार्यक्रम होने चाहिए और अगर हों तो उनका स्वरूप कैसा हो? एक तरफ ऐसे आयोजनों के जरिए स्थानीय लोक संस्कृति, कलाकारों और परंपराओं को मंच देने की बात सामने आती है. दूसरी तरफ संतों और पुरोहितों की ओर से यह सवाल उठाया गया कि बद्रीनाथ जैसे तीर्थस्थल की धार्मिक गरिमा और शांत वातावरण को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए.

क्यों याद आ रहे ध्यान बद्री?
बद्रीनाथ विवाद के बीच ध्यान बद्री की चर्चा इसलिए महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि यहां भगवान विष्णु का स्वरूप ही ध्यान और शांति का प्रतीक माना जाता है. यहां ना बड़े मंच की जरूरत है और ना तेज संगीत की. पहाड़ों की खामोशी, मंदिर की आध्यात्मिकता और भगवान विष्णु की ध्यान मुद्रा अपने आप में इस स्थान की पहचान बन जाती है. शायद यही वजह है कि बद्रीनाथ क्षेत्र की धार्मिक परंपरा को समझने के लिए केवल मुख्य धाम तक सीमित रहने के बजाय आसपास के प्राचीन तीर्थों को भी देखना जरूरी है.
क्या था मामला?
हाल ही में बद्रीनाथ धाम के पास आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में तेज संगीत और डांस को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. 19 और 20 सितंबर को बद्रीनाथ के टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल-2026 का आयोजन किया गया था. यह कार्यक्रम सेना के ‘ऑपरेशन सद्भावना’, चमोली जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित हुआ था. कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखंड की लोक संस्कृति, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक खान-पान और सीमावर्ती गांवों की संस्कृति को सामने लाना बताया गया था. लेकिन कार्यक्रम के दौरान तेज संगीत और नृत्य के वीडियो सामने आने के बाद धार्मिक स्थलों पर इस तरह के आयोजनों के स्वरूप को लेकर सवाल उठने लगे. संतों और मंदिर के पुरोहितों ने बद्रीनाथ जैसे तीर्थस्थल के आसपास तेज आवाज वाले कार्यक्रम पर आपत्ति जताई.
बद्रीनाथ धाम में शंख बजाना क्यों है मना?
बद्रीनाथ धाम चार धाम में से एक है. यहां पूजा-अर्चना के दौरान शंख बजाने की परंपरा नहीं है, जबकि भगवान विष्णु स्वयं शंख धारण करते हैं. इसके पीछे धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी कई कथाएं प्रचलित हैं. धार्मिक मान्यता के अनुसार, बद्रीनाथ में माता लक्ष्मी तुलसी रूप में ध्यान कर रही थीं. इसी दौरान भगवान विष्णु ने शंखचूर्ण नामक राक्षस का वध किया. विजय के बाद शंख बजाने की परंपरा होने के बावजूद भगवान विष्णु ने माता लक्ष्मी की साधना भंग ना हो, इसलिए शंखनाद नहीं किया. मान्यता है कि तभी से बद्रीनाथ में शंख नाा बजाने की परंपरा चली आ रही है.

Leave a Reply