सचिन, रूट सहित इन क्रिकेटरों के नाम हैं टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक रन

मुम्बई। टेस्ट क्रिकेट को अब भी खेल का आधार माना जाता है और ये भी कहा जाता है कि इसमें बल्लेबाजों की असली परीक्षा होती है। विश्व भर के कई महान खिलाड़ियों ने अपने करियर के दौरान लंबे समय तक क्रीज पर टिककर इस प्रारुप में ऐसे अहम रिकॉर्ड बनाए हैं। इसमें से एक है सबसे अधिक रनों का रिकॉर्ड। भारत के सचिन तेंदुलकर सहित कई बल्लेबाज ऐसे हैं जिनके नाम सबसे अधिक रनों के रिकॉर्ड है।
सचिन तेंदुलकर : इसमें सचिन नंबर एक पर हैं। साल 1989 से 2013 के बीच इस बल्लेबाज ने अपने करियर में 200 टेस्ट मैचों की 329 पारियों में 15921 रन बनाए। उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 248 रन और औसत 53.78 का रहा, जिसमें 51 शतक और 68 अर्धशतक शामिल हैं।
जो रूट : वहीं दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज और कप्तान जो रूट का नाम आता है। उन्होंने अब तक 169 टेस्ट मैचों में 14278 रन बटोरे हैं, जिसमें 41 शतक और 69 अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 50.45 और उच्चतम स्कोर 250 रन है।
रिकी पोंटिंग : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और आक्रामक बल्लेबाज रिकी पोंटिंग इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं। साल 1995 से 2012 के बीच 168 टेस्ट मैचों में उन्होंने 13378 रन बनाए, जिसमें 41 शतक और 62 अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 51.85 और सर्वोच्च स्कोर 257 रन रहा।
जैक्स कैलिस : चौथे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के सर्वकालिक महान ऑलराउंडर जैक्स कैलिस हैं। साल 1995 से 2013 तक खेलते हुए कैलिस ने 166 टेस्ट मैचों में 13289 रन बनाए। उनके नाम 45 शतक और 58 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उनका औसत 55.37 और उच्चतम स्कोर 224 रन रहा।
राहुल द्रविड़ : भारत के भरोसेमंद बल्लेबाज रहे राहुल द्रविड़ पांचवें नंबर पर हैं। साल 1996 से 2012 के दौरान 164 टेस्ट मैचों में इस बल्लेबाज ने 13288 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 270 रन, औसत 52.31, और 36 शतक तथा 63 अर्धशतक उनके करियर की पहचान रहे हैं।
एलिस्टर कुक : इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक छठे स्थान पर हैं। 2006 से 2018 के बीच 161 टेस्ट मैचों में उन्होंने 12472 रन बनाए, जिसमें 33 शतक और 57 अर्धशतक शामिल हैं। उनका उच्चतम स्कोर 294 रन और औसत 45.35 रहा।
कुमार संगकारा : सातवें नंबर पर श्रीलंका के महान विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार संगकारा हैं। 2000 से 2015 के बीच 134 टेस्ट मैचों में उन्होंने 12400 रन बनाए। उनका बेहतरीन औसत 57.40, 38 शतक, 52 अर्धशतक और सर्वोच्च स्कोर 319 रन उनकी बल्लेबाजी का प्रमाण हैं।
ब्रायन लारा : वेस्टइंडीज के जादुई बल्लेबाज ब्रायन लारा आठवें स्थान पर आते हैं। 1990 से 2006 तक लारा ने 131 टेस्ट मैचों में 11953 रन बनाए। उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 400 रन है, जो टेस्ट क्रिकेट का एक अटूट विश्व रिकॉर्ड है। उनके खाते में 34 शतक और 48 अर्धशतक भी दर्ज हैं, जबकि उनका औसत 52.88 रहा।
शिवनारायण चंद्रपॉल : नौवें पायदान पर वेस्टइंडीज के ही अनूठे बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपॉल हैं। 1994 से 2015 के दौरान 164 टेस्ट मैचों में उन्होंने 11867 रन बनाए, जिसमें 30 शतक और 66 अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 51.37 और सर्वोच्च स्कोर नाबाद 203 रन रहा।
महेला जयवर्धने : इस सूची में दसवें और अंतिम स्थान पर श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने हैं। 1997 से 2014 के बीच 149 टेस्ट मैचों में उन्होंने 11814 रन बनाए। उनके करियर में 34 शतक, 50 अर्धशतक, 49.84 का औसत और 374 रन का उच्चतम स्कोर शामिल है। इन सभी महान खिलाड़ियों ने अपने अद्वितीय कौशल और जुझारूपन से टेस्ट क्रिकेट के इतिहास को समृद्ध किया है।
