विकसित भारत की संकल्पना में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण: मंत्री लखनलाल देवांगन

रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा के रामपुर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीडब्ल्यूडी में नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम तथा आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। शिक्षा के क्षेत्र में आगे
बढ़कर ही बच्चे देश और प्रदेश के विकास में योगदान दे सकते हैं।
विकसित भारत की संकल्पना में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण: मंत्री लखनलाल देवांगन
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान में स्वच्छता, रक्तदान और ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों के माध्यम से लोगों तक सेवाएँ और योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा रहा है। विद्यालयों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ भाषण, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं, ताकि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा दिखा सकें और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ें। उन्होंने नुक्कड़ नाटक में प्रधानमंत्री की देश सेवा को नाटक के माध्यम से प्रस्तुति पर विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) सहित विभिन्न मदों से सड़क, पुल-पुलिया, विद्यालय, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य भवन और छात्रावासों से जुड़े विकास कार्य कराए जा रहे हैं। रामपुर विद्यालय में भवन निर्माण के साथ एक अन्य भव्य भवन का निर्माण भी डीएमएफ से प्रस्तावित है। मंत्री ने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
