पुणे MLC चुनाव में बड़ा उलटफेर संभव, निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थन पर विचार कर रही शिंदे शिवसेना

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ छिड़े आंदोलन को और तेज करने का ऐलान करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हुंकार भरी है। उन्होंने साफ कहा कि वोट चोरी के खिलाफ यह लड़ाई आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों और जरूरत पड़ने पर दो साल बाद भी बदस्तूर जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आंदोलन का अंतिम लक्ष्य देश में लोकतंत्र की पूर्ण बहाली है। राहुल ने यह भी कहा कि न्यायपालिका के प्रति उनके मन में पूरा सम्मान है, लेकिन संस्थाएं अपनी जिम्मेदारी निभाएं या न निभाएं, जनता और राजनीतिक दलों का प्रतिरोध जारी रहेगा।

विपक्षी एकजुटता और टी-पार्टी में साझा रणनीति

राहुल गांधी के आवास पर 'इंडिया' ब्लॉक के सांसदों और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष टी-पार्टी का आयोजन किया गया। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में राहुल ने कहा कि यह कोई बिखरा हुआ विरोध नहीं, बल्कि एक साझा और एकजुट आंदोलन है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की चुनावी व्यवस्था और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है तथा संवैधानिक मूल्यों को दरकिनार किया जा रहा है।

आंदोलन की आगे की रणनीति पर बना सस्पेंस

आंदोलन के अगले कदमों पर सस्पेंस बरकरार रखते हुए राहुल गांधी ने रणनीति का पूर्व-खुलासा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि भावी योजना सार्वजनिक करने से रणनीति का असर कम हो सकता है। राहुल ने दावा किया कि विपक्षी दलों ने जिस ऊर्जा, एकजुटता और संकल्प के साथ जनता को जोड़ा है, उसी ताकत से लड़ाई आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि इस प्रदर्शन में केवल राजनीतिक दल ही नहीं, बल्कि आम और गैर-राजनीतिक नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है।

जंतर-मंतर पर पाबंदी को चुनौती देने की तैयारी

राहुल गांधी ने जंतर-मंतर को लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि सरकार द्वारा वहां प्रदर्शनों पर बंदिशें लगाना गलत है और इस फैसले को अदालत व सड़कों पर चुनौती दी जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि वोट हेरफेर के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जनता का घेरा कसता जा रहा है और जल्द ही सबकी जवाबदेही तय की जाएगी।

खरगे और नागरिक समाज ने जताई जनसमर्थन की उम्मीद

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली में जुटे विशाल जनसैलाब को बड़ी सफलता करार देते हुए कहा कि युवा और आम नागरिक अब वोट चोरी के खिलाफ मुखर हो रहे हैं। उन्होंने जल्द ही आंदोलन के अगले चरण की घोषणा करने की बात कही। वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने कहा कि एसआईआर (SIR) के खिलाफ यह लड़ाई अब केवल नेताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें किसान, मजदूर, छात्र और समाज का हर वर्ग कंधे से कंधा मिलाकर शामिल हो रहा है।

Leave a Reply