किशनपोल और हवामहल-आमेर जोन में सेवा सेतु शिविर, नागरिकों को मिलेंगी सुविधाएं

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर जयपुर नगर निगम द्वारा 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक विशेष 'सेवा सेतु अभियान-2026' का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मालवीय नगर जोन में जनसुविधा शिविर आयोजित किया गया, जबकि गुरुवार को किशनपोल तथा हवामहल-आमेर जोन कार्यालयों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
आदर्श नगर और सिविल लाइन जोन में लगेंगे अंतिम शिविर
अभियान के अंतिम चरण में 16 अक्टूबर को आदर्श नगर और सिविल लाइन्स जोन कार्यालयों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही छत के नीचे नगर निगम से जुड़ी नागरिक सुविधाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है।
शिविरों में मिलेंगी ये प्रमुख नागरिक सुविधाएं
सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से नगर निगम से संबंधित कई आवश्यक कार्यों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है, जिनमें शामिल हैं:
सफाई व बुनियादी ढांचा: सफाई व्यवस्था, सीसी व डामर सड़कों की मरम्मत/पैच वर्क, स्ट्रीट लाइट, मैनहोल व फेरोकवर की मरम्मत, सीवर लाइन लीकेज सुधार और आवारा पशुओं को पकड़ने का कार्य।
पंजीयन व स्वीकृतियां: जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीकरण, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, मोबाइल टावर एनओसी, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति और भू-उपयोग परिवर्तन।
पट्टे व दस्तावेज: ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, लीज डीड से फ्री-होल्ड पट्टे, उप-विभाजन व पुनर्गठन, तथा 69-ए सहित विभिन्न धाराओं के तहत पट्टे जारी करना।
सरकारी योजनाएं: यूडी टैक्स जमा करने के साथ-साथ अटल पेंशन योजना, वृद्धावस्था, विधवा व विकलांग पेंशन, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, पीएम स्वनिधि और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसी फ्लैगशिप योजनाओं के आवेदन व स्वीकृतियां।
