कांग्रेस संविधान को तार-तार कर रही, राहुल गांधी पर भाजपा का तीखा हमला

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी को 'अराजकता का प्रतीक' बताया और उन्हें एक गैर-जिम्मेदार विपक्ष का नेता करार देते हुए आरोप लगाया कि वे बिना तथ्यों के बयानबाजी करते हैं।

संविधान और न्यायपालिका के अपमान का आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गौरव भाटिया ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर देश के संविधान का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार देता है, लेकिन इसकी आड़ में नियमों का उल्लंघन करने और हुड़दंग मचाने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विरोध प्रदर्शन के लिए पूर्व अनुमति और तय स्थान का होना अनिवार्य है।

भाजपा प्रवक्ता ने सर्वोच्च न्यायालय परिसर के आसपास विपक्षी नेताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि न्यायपालिका जैसी निष्पक्ष और मजबूत संस्था पर दबाव बनाने के लिए भीड़तंत्र का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि क्या कोई जिम्मेदार नागरिक या संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति सुप्रीम कोर्ट परिसर में हजारों समर्थकों को लाकर नारेबाजी और हंगामा खड़ा कर सकता है? उन्होंने जानकारी दी कि इस पूरे मामले पर सर्वोच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की गई है, जिस पर अदालत ने नोटिस जारी किया है।

'स्मैश द पैट्रिआर्की' नारे पर घेरा और एसआईआर का मुद्दा

गौरव भाटिया ने राहुल गांधी द्वारा पूर्व में दिए गए 'स्मैश द पैट्रिआर्की' (पितृसत्ता को खत्म करने) के नारे पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि क्या महिलाओं के सम्मान की बात केवल गांधी परिवार की महिलाओं तक ही सीमित है? उन्होंने इसे देश के नागरिकों के विचार करने योग्य एक अहम संवैधानिक प्रश्न बताया।

उल्लेखनीय है कि भाजपा का यह तीखा हमला ऐसे समय में आया है जब राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के घटक दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए देश भर में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

Leave a Reply