योगी बोले- उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले माफिया हावी थे, अब कानून सर्वोपरि

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला और प्रदेश में माफिया राज के खात्मे का जिक्र किया। प्रयागराज के माफिया अतीक अहमद का बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब वहां एक विशेष माफिया पर कोई कानून लागू नहीं होता था और मुख्यमंत्री, राज्यपाल तथा न्यायाधीश तक उसके सामने कोई मायने नहीं रखते थे।

'रूल ऑफ माफिया' को हटाकर लागू किया 'रूल ऑफ लॉ'

मुख्यमंत्री ने पुरानी व्यवस्था पर प्रहार करते हुए कहा कि जब उस माफिया का काफिला निकलता था, तो पुलिस-प्रशासन भी पहले उसे ही रास्ता देता था और वह जिस भी जमीन पर पैर रख देता था, वह उसी की हो जाती थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में 'रूल ऑफ माफिया' यानी माफियाओं का राज चलता था, लेकिन वर्तमान सरकार ने कानून की किताब से उसे बाहर का रास्ता दिखाकर राज्य में पूरी ईमानदारी के साथ 'रूल ऑफ लॉ' (कानून का राज) स्थापित किया है।

Leave a Reply