दिल्ली-NCR में मौसम ने बदली करवट, ठंड बढ़ने से गिरेगा तापमान?

नई दिल्ली। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बारिश का दौर थमने के बाद अब ठंडक धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य के करीब है। हालांकि शुक्रवार को बारिश तो नहीं हुई, लेकिन बादलों की आवाजाही के साथ हल्की धूप खिली रही।

अगले कुछ दिनों तक मौसम रहेगा शुष्क

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 4 से 5 दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान पूर्वी हवाएं चलने से तापमान में थोड़ी और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड का अहसास और बढ़ेगा।

हवा की गुणवत्ता में आया बदलाव

हालिया बारिश के बाद दिल्ली की आबोहवा में काफी सुधार हुआ था और एक समय एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गिरकर 66 के बेहतरीन स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, शुक्रवार को स्थिति में थोड़ा बदलाव आया और औसत AQI 182 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे कम अधिकतम तापमान पालम इलाके में 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply