आगरा में आकाश अग्रवाल का भावुक बयान, बोले- लखनऊ जाकर इस्लाम कबूल करूंगा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए हुए मतदान के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. आकाश अग्रवाल ने मतदान प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियां और धांधली के तीखे आरोप लगाए हैं। मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए सपा प्रत्याशी अचानक भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए यहां तक कह दिया कि वह लखनऊ की शाही ईदगाह में जाकर अपना धर्म परिवर्तन कर लेंगे।

समर्थकों को परेशान करने और बूथ लूटने का आरोप

मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि उनके समर्थकों को लगातार परेशान किया जा रहा है और मतदान केंद्रों पर जानबूझकर गड़बड़ियां की जा रही हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि खेरागढ़ में जब पीठासीन अधिकारी खाना खा रहे थे, तब वहां मौजूद लोगों और समर्थकों को जबरन बाहर निकाल दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने छाता बूथ पर लूटने का गंभीर आरोप लगाया और कहा कि अधिकारियों द्वारा उनके कार्यकर्ताओं के साथ बेहद अभद्र व्यवहार किया जा रहा है।

'मुझे ऐसे सनातन में नहीं रहना'

प्रशासनिक उत्पीड़न से आहत नजर आ रहे सपा प्रत्याशी ने दर्द बयां करते हुए कहा कि उनके साथ ऐसा सलूक किया जा रहा है मानो वह पाकिस्तान से आए कोई आतंकवादी हों। उन्होंने गुस्से और निराशा में यह तक कह दिया कि उन्हें इस तरह प्रताड़ित किया जा रहा है कि उनका ऐसे सनातन में रहने का मन नहीं कर रहा है और वे लखनऊ की शाही ईदगाह जाकर धर्म बदल लेंगे।

हार-जीत से नहीं, निष्पक्षता से है मतलब

डॉ. आकाश अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि उन्हें चुनाव में हार या जीत से कोई खास फर्क नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा कि वे एक आजाद देश में रह रहे हैं और वे किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे या नहीं लड़ेंगे, इसका फैसला पूरी तरह से उनका अपना होगा। अपनी बात के अंत में उन्होंने फिर दोहराया कि चुनाव क्षेत्र में अभी भी बूथ कैप्चरिंग जैसी घटनाएं हो रही हैं, जिस पर तुरंत रोक लगनी चाहिए।

Leave a Reply