करवा चौथ पर बन रहा लक्ष्मी-नारायण राजयोग, इन 4 राशियों की चमक सकती है किस्मत

हिंदू धर्म में सुहागिन महिलाओं के लिए करवा चौथ का व्रत बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ निर्जला व्रत रखती हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस बार करवा चौथ पर ग्रह-नक्षत्रों की विशेष स्थिति देखने को मिलेगी.

ज्योतिषीय गणना के मुताबिक, तुला राशि में सूर्य बुध और शुक्र की युति से त्रिग्रही योग का निर्माण होगा. वहीं बुध और शुक्र की युति से लक्ष्मी नारायण राजयोग भी बनेगा. ज्योतिष शास्त्र में इन योगों को विशेष महत्व दिया जाता है. मान्यता है कि इनका प्रभाव सभी 12 राशियों के जातकों के जीवन पर सकारात्मक और नकारात्मक, दोनों तरह से पड़ सकता है.
चार राशियों के जातकों पर प्रभाव
अयोध्या के ज्योतिष पंडित कल्कि राम के अनुसार, ग्रहों की इस विशेष स्थिति का प्रभाव करियर, कारोबार, आर्थिक स्थिति, पारिवारिक जीवन और वैवाहिक संबंधों पर देखने को मिल सकता है. खासतौर पर चार राशियों के जातकों के लिए यह समय अनुकूल रहने की संभावना जताई जा रही है. इन राशियों के लोगों को कार्यक्षेत्र में नए अवसर मिलने आर्थिक स्थिति में सुधार होने और लंबे समय से रुके काम पूरे होंगे.

मेष राशि: मेष राशि के जातकों के लिए यह समय करियर और कार्यक्षेत्र के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकता है. नौकरी करने वाले लोगों को नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. कारोबार से जुड़े लोगों को नए अवसर मिलने की संभावना है. हालांकि, किसी भी बड़े फैसले से पहले सोच-विचार करना जरूरी होगा.

वृषभ राशि: वृषभ राशि के जातकों को आर्थिक मामलों में सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद हो सकती है. आय के नए स्रोत तलाशने में सफलता मिल सकती है. पारिवारिक जीवन में सुख-शांति बनाए रखने के लिए आपसी तालमेल और संवाद पर ध्यान देना लाभकारी रहेगा.
मिथुन राशि: मिथुन राशि के लोगों के लिए यह समय नई योजनाओं और अवसरों के लिहाज से खास हो सकता है. नौकरी और व्यापार में आगे बढ़ने के मौके मिल सकते हैं. विद्यार्थियों को पढ़ाई में एकाग्रता बनाए रखने और युवाओं को अपने लक्ष्य पर ध्यान देने की जरूरत होगी.
तुला राशि: तुला राशि में ग्रहों की युति बनने के कारण इस राशि के जातकों के लिए यह समय विशेष माना जा रहा है. आत्मविश्वास में वृद्धि हो सकती है और सामाजिक प्रतिष्ठा से जुड़े मामलों में सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद रह सकती है. रिश्तों में मधुरता बनाए रखने के लिए संयम और समझदारी से काम लेना जरूरी होगा.

Leave a Reply