कोटा हत्याकांड में पुलिस को सफलता, जयपुर से पकड़े गए तीनों आरोपी

कोटा। बीटेक छात्र भुवनेश नागर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गत 5 अक्टूबर को चाकू मारकर छात्र की निर्मम हत्या करने के बाद फरार चल रहे आरोपियों को कोटा शहर पुलिस ने जयपुर की एक फैक्ट्री से धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में राहुल सूर्यवंशी उर्फ बच्चा (21) और सागर मीणा (20) शामिल हैं, जिन पर पुलिस ने इनाम घोषित कर रखा था, जबकि उनके साथ मौजूद एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
पुरानी रंजिश में दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे सात-आठ महीने पुरानी आपसी रंजिश थी। आरोपी राहुल उर्फ बच्चा ने पूछताछ में स्वीकार किया कि मार्च के महीने में भुवनेश और उसके साथियों ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला किया था, जिसको लेकर अनंतपुरा थाने में मामला भी दर्ज हुआ था। इसी हमले का बदला लेने की नीयत से 5 अक्टूबर को जब भुवनेश अपने दोस्त से मिलने जा रहा था, तब आरोपियों ने उसे रास्ते में घेरकर चाकुओं से गोद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
तकनीकी साक्ष्यों और दबिश से मिली सफलता
वारदात के बाद से ही आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। आरोपियों की लोकेशन जयपुर में मिलने पर कोटा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक फैक्ट्री में दबिश देकर दोनों इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई
यह पूरी सफलता अनंतपुरा थाना पुलिस को उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में मिली है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात में शामिल अन्य सहयोगियों और इस्तेमाल किए गए हथियारों के संबंध में जानकारी जुटाकर मामले का पूर्ण खुलासा किया जा सके।
