दिवाली पर मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए दीये के नीचे रखें ये 4 चीजें, घर में बनी रहेगी बरकत

दिवाली का त्योहार आते ही लोग घर की साफ-सफाई और सजावट के साथ पूजा की तैयारियों में जुट जाते हैं. इस दिन मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए घर के कोने-कोने में दीपक जलाए जाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि दिवाली पर दीपक जलाते समय उसके नीचे कुछ खास चीजें रखना भी शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है.

दिवाली हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है. इस दिन का विशेष धार्मिक महत्व है. मान्यता है कि भगवान श्रीराम 14 साल का वनवास पूरा करने के बाद अयोध्या लौटे थे. उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने पूरे नगर में दीपक जलाए थे. तभी से दिवाली पर दीप जलाने की परंपरा चली आ रही है. इस दिन घरों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है. शाम के समय दीपक जलाकर घर के हर कोने को रोशन किया जाता है. कई लोग इस दिन अखंड ज्योति भी जलाते हैं. माना जाता है कि दीपक की रोशनी अंधकार दूर करने के साथ जीवन में सकारात्मकता, सुख और समृद्धि लाती है.

दीपक के नीचे रखें लाई, बताशे और गुलाब की पंखुड़ियां
ज्योतिषी अखिलेश पांडेय ने बताया कि दिवाली पर दीपक जलाने से पहले उसके नीचे कुछ खास चीजें रखना शुभ माना जाता है. इनमें लाई, बताशे और गुलाब के फूल की पंखुड़ियां शामिल हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बताशे मां लक्ष्मी का प्रिय भोग माने जाते हैं. इसलिए इन्हें पूजा में शामिल करना शुभ होता है. वहीं, गुलाब की पंखुड़ियां भी मां लक्ष्मी को अर्पित की जाती हैं. गुलाब को प्रेम, सुंदरता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है. इसके अलावा धान से बनी लाई को अच्छी फसल, अन्न और खुशहाली से जोड़कर देखा जाता है. मान्यता है कि इसे दीपक के नीचे रखने से घर में बरकत और समृद्धि आती है.

दीपक के नीचे चावल रखना भी माना जाता है शुभ
उन्होंने बताया कि दिवाली पर दीपक के नीचे चावल रखना भी शुभ माना जाता है. हिंदू धर्म में चावल को अक्षत कहा जाता है और पूजा-पाठ में इसका विशेष महत्व है. चावल को पूर्णता, पवित्रता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि दीपक के नीचे चावल रखने से घर में अन्न और धन की कमी नहीं होती. साथ ही परिवार में सुख-शांति बनी रहती है.

Leave a Reply