भोजपुर: आपसी विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, लोगों ने किया सड़क जाम

मामले की सूचना मिलते ही भोजपुर एसपी सुशील कुमार व उदवंतनगर थानाध्यक्ष संजय सिन्हा घटनास्थल पर दलबल के साथ पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए.
बिहार के भोजपुर में एक युवक को घर बाहर बुलाकर गोलियों से छलनी कर दिया है. घटना में युवक की मौत घटना स्थल पर ही हो गई है. हालांकि वारदात को किस कारण से अंजाम दिया गया है यह अभी स्पष्ट नहीं है. मामला जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के उदवंतनगर उज्जैन टोला की है. हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने आरा-सासाराम मुख्य मार्ग उदवंत नगर गांव के समीप सड़क जाम लगा दिया है और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
मिली जानकारी के अनुसार उज्जैन टोला निवासी स्वर्गीय सुरेश सिंह के 20 वर्षीय पुत्र रवि कुमार को शनिवार की सुबह उसके साथियों ने घर से बाहर बुलाया और उस पर जानलेवा हमला करते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. रवि को पांच गोली लगी जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई. घटना के बाद से ही इलाके में दहशत व तनाव का माहौल कायम हो गया है.
परिजनों की मानें तो करीब पांच की संख्या में स्कॉर्पियो सवार हथियार बंद अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. वहीं ये बात भी सामने आ रही है कि कि मृत युवक का अपने दोस्तों के साथ किसी बात को लेकर शनिवार की सुबह कुछ विवाद हुआ था. आपस में मारपीट भी हुई थी. जिसके बाद हथियार बंद अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ गोली बरसा दी.
वहीं, मामले की सूचना मिलते ही भोजपुर एसपी सुशील कुमार व उदवंतनगर थानाध्यक्ष संजय सिन्हा घटनास्थल पर दल बल के साथ पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए.
भोजपुर एसपी ने घटना के बारे में कहा कि पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है. परिजनों की निशानदेही पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लागातार छापेमारी की जा रही है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
