साई पल्लवी पुलिस अफसर बनने के लिए बदला लुक

मुंबई। 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली रामायण में सीता के किरदार के बाद, अभिनेत्री साई पल्लवी अपनी आगामी फिल्म ओम: चैप्टर 1 उधिरम: द ब्लड वुड में एक बिल्कुल ही अलग अवतार में दर्शकों के सामने होंगी। इस फिल्म में वह एक तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं, जिसे लाल चंदन की अवैध तस्करी की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। इस चुनौती भरे किरदार के लिए साई ने एक बड़ा कदम उठाया है उन्होंने अपने बाल छोटे करवा लिए हैं। उनके इस नए लुक को देखकर उनके माता-पिता भी हैरान रह गए, जिस पर अब अभिनेत्री ने खुलकर बात की है।
एक इंटरव्यू में साई पल्लवी ने अपने बाल कटवाने के पीछे की वजह बताई। उन्होंने कहा, मैंने अपने बाल कटवाए क्योंकि कहानी सुनने और अपने किरदार को समझने के बाद मुझे लगा कि यह आवश्यक है। मुझे स्क्रिप्ट इतनी पसंद आई कि मैं इस बदलाव के लिए तैयार हो गई। उन्होंने बताया कि बाल कटवाने के बाद जब उन्होंने वीडियो कॉल पर अपनी मां को नया लुक दिखाया, तो वह हैरान रह गईं और ढेर सारे सवाल पूछने लगीं। मां ने तो कॉल भी काट दिया। बाद में उनके पिता ने फोन करके पूछा कि क्या उन्होंने विग पहनी है। साई ने उन्हें समझाया कि यह पूरी तरह से उनके किरदार की मांग थी, और उन्हें उनके नए हेयरस्टाइल के साथ सहज होने में कुछ समय लगा।
निर्देशक राजकुमार पेरियासामी ने इस निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि इस किरदार के लिए यह लुक एकदम सही था। उन्होंने साई के समर्पण की सराहना की, फिल्म में हम अक्सर मुख्य किरदार की जरूरत के हिसाब से कुछ बदलाव करते हैं, और साई पल्लवी ने भी इस रोल के लिए अपने बाल कटवाकर एक बड़ा त्याग किया। कहानी के प्रति उनके लगाव ने ही इस बदलाव को मुमकिन बनाया। साई ने भी राजकुमार पर अपने भरोसे और स्क्रिप्ट की मांग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान उन्होंने अपने बालों को स्कार्फ से ढक कर रखा था ताकि फिल्म की रिलीज से पहले उनका यह लुक लीक न हो जाए। यह साई और राजकुमार की दूसरी फिल्म है, इससे पहले उनकी पहली फिल्म अमरन एक बड़ी हिट रही थी, जिसके लिए राजकुमार को बेस्ट डायरेक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था।
राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बनी ओएम: चैप्टर 1 में धनुष एक लकड़हारे के दमदार किरदार में हैं, जबकि ममूटी एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कास्ट में श्रीलीला और संजय स्वरूप जैसे कलाकार भी शामिल हैं। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं, जो इसके जरिए तमिल सिनेमा में अपना डेब्यू कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्माण धनुष अपने बैनर वंडरबार फिल्म्स के तहत श्रद्धा अग्रवाल और अजमत जगमग के साथ मिलकर कर रहे हैं। पहले 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली ओम – चैप्टर 1: उधिराम – द ब्लड वुड अब 20 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। यह फिल्म दर्शकों को एक बिल्कुल नई और रोमांचक कहानी का अनुभव कराएगी, जिसमें साई पल्लवी का नया अवतार निश्चित रूप से आकर्षण का केंद्र होगा।
