नीतीश के मार्गदर्शन में सम्राट चौधरी बढ़ा रहे सुशासन का मिशन: पीएम मोदी

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के वैशाली जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य के विकास को नई गति देने वाली कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत की। तय कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री ने वैशाली स्थित नवनिर्मित 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन व दौरा किया।

नीतीश सेतु से मजबूत होगी उत्तर-दक्षिण बिहार की राह

गंगा नदी पर करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित किया गया। लगभग 19.7 किलोमीटर लंबी यह परियोजना पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ती है, जिसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़कें शामिल हैं। इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा, यात्रा का समय घटेगा और राघोपुर दियारा सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा।

34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

प्रधानमंत्री ने बिहार को लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इसमें 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की तैयार परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है, जिनमें प्रमुख सड़क खंड, बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट की दूसरी यूनिट, बिजली वितरण व पारेषण कार्य, नवादा के फुलवरिया बांध की फ्लोटिंग सोलर परियोजना तथा सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी विकास से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा करीब 14,450 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई, जिनमें एनएच-139डब्ल्यू के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड का चार लेन निर्माण, पीरपैंती सुपर थर्मल पावर परियोजना की विद्युत निकासी योजना, विभिन्न शहरों की जलापूर्ति व सीवरेज योजनाएं, आईआईटी पटना का रिसर्च पार्क व छात्रावास और नहर आधुनिकीकरण कार्य प्रमुख हैं।

ई-बसों को हरी झंडी, गृह प्रवेश और जनसभा

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने राज्य में कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया।

Leave a Reply