चोरों ने तीन ट्यूबवेल की केबल काटी

अलीगढ़। थाना टप्पल क्षेत्र के मौर गांव में अज्ञात चोरों ने तीन किसानों के ट्यूबवेल की केबल काट ली। घटना अधिकारियों की बैठक के अगले दिन हुई। चोरों ने कुछ अन्य ट्यूबवेलों की केबल काटने की कोशिश भी की, लेकिन वे उन्हें निकाल नहीं सके। किसान मूलचंद, अशोक और अतर सिंह के ट्यूबवेलों की केबल चोरी हुई। यह घटना बीती रात की है। चोर मौके से फरार हो गए। एसपी देहात मनीष कुमार मिश्र और सीओ खैर अभिषेक पटेल ने टप्पल ब्लॉक के बाजोता गांव में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी। बैठक में बढ़ती केबल चोरी और आपराधिक घटनाओं को रोकने पर बात हुई थी। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का भरोसा दिया था। मौर गांव में इससे पहले दीपावली की रात करीब एक दर्जन नलकूपों की केबल काटी गई थी। उस घटना में राहुल सिंह पुत्र सतवीर सिंह, धीरज पुत्र बने सिंह, करुआ पुत्र रामचरण, श्री चंद शर्मा (मास्टर जी), राहुल शर्मा पुत्र सुभाष चंद्र शर्मा, सचिन सिंह पुत्र पाल सिंह, कृपाल पुत्र शिवचरण, प्रमोद पुत्र राजेंद्र और सचिन पुत्र गोपाल के नलकूपों की केबल चोरी हुई थी। लगातार हो रही चोरियों से किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। पीड़ित किसानों ने पुलिस से पुराने और नए मामलों का जल्द पता लगाने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
