एसयूवी किआ सेल्टोस की लाइनअप में किया बडा बदलाव

नई दिल्ली। अपने पोर्टफोलियो की सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी किआ सेल्टोस की लाइनअप में किआ इंडिया ने बदलाव किया है। कंपनी ने अपने कुछ वैरिएंट को हमेशा के लिए बंद कर दिया है। कंपनी द्वारा किए गए इस बदलाव का मुख्य बिंदु 1.5एल टर्बो पेट्रोल इंजन ऑप्शन के साथ आईएमटी गियरबॉक्स वैरिएंट का बंद होना है। लॉन्च के समय किआ ने एचटीई (ओ) (सुविधा पैक), एचटीके और एचटीके (ओ) (प्रीमियम पैक) जैसे कई वैरिएंट के साथ 1.5एल टर्बो पेट्रोल आईएमटी विकल्प पेश किया था। ये तीनों वैरिएंट अब सेल्टोस के वैरिएंट लाइनअप से बंद कर दिए गए हैं।
आईएमटी के हटने के बाद, 1.5एल टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ 7-स्पीड डीसीटी अब एकमात्र गियरबॉक्स ऑप्शन है। इसके अलावा, किआ ने अडास के बिना स्टैंडर्ड एक्स-लाइन ट्रिम्स को भी बंद कर दिया है, जिससे इस सेगमेंट में अडास के साथ आने वाले विकल्प ही उपलब्ध रहेंगे। जानकारों के अनुसार, यह कदम बाजार की बदलती मांगों और कंपनी की उत्पाद रणनीति का हिस्सा है। इन बदलावों के बाद, ग्राहकों को अब 1.5एल टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ केवल डीसीटी गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा, जिससे उनके पास ट्रांसमिशन के चुनाव के लिए सीमित विकल्प रह जाएंगे। किआ सेल्टोस विभिन्न इंजन और ट्रांसमिशन विकल्पों जैसे एनए पेट्रोल एमटी, एनए पेट्रोल सीवीटी, टर्बो पेट्रोल डीसीटी, डीजल एमटी और डीजल एटी में उपलब्ध थी, जिनकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमतें एनए पेट्रोल एमटी के एचटीई वैरिएंट के लिए 11.25 लाख रुपये से शुरू होती हैं। बता दें कि किआ की कारें अपने शानदार लुक, इंटीरियर और फीचर्स की दम पर देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति, हुंडई और टाटा को भी टक्कर देती हैं।
