टाटा ट्रस्ट बनाम चंद्रशेखरन मामला, नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई आज

मुंबई। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की तीसरे कार्यकाल के लिए हुई नियुक्ति को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है। दोनों ट्रस्टों ने गुरुवार को टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ अलग-अलग वाद दायर किए, जिन पर शुक्रवार को सुनवाई होनी है।
एसडीटीटी ने 50 करोड़ रुपये और आरडीटीटी ने 15 करोड़ रुपये के मुआवजे के साथ सालाना 18 प्रतिशत ब्याज की मांग की है। याचिकाओं के मुताबिक, 17 सितंबर को टाटा संस के बोर्ड ने चंद्रशेखरन को पांच साल के तीसरे कार्यकाल के लिए पुनः नियुक्त करने का प्रस्ताव स्वीकृत किया था। ट्रस्टों का कहना है कि कंपनी के अनुच्छेद 121 के अंतर्गत आवश्यक सहमति नहीं ली गई, जिससे यह नियुक्ति विधिमान्य नहीं है। याचिकाकर्ताओं ने 30 नवंबर को प्रस्तावित निदेशक मंडल की बैठक से पहले मामले की सुनवाई का आग्रह किया है।
अदालत में सुनवाई और निर्णायक मत की मांग
याचिकाओं में बैठक को स्थगित करने के स्थान पर यह आदेश देने का अनुरोध किया गया है कि मतों के बराबर होने की स्थिति में चंद्रशेखरन निर्णायक वोट का उपयोग न करें। ट्रस्टों के अधिवक्ता जनक द्वारकादास ने जस्टिस आरिफ डॉक्टर की खंडपीठ के समक्ष सुनवाई की गुहार लगाई, लेकिन उन्होंने कोई कारण बताए बिना स्वयं को इस मामले से अलग कर लिया। इसके बाद यह प्रकरण जस्टिस अभय आहूजा की पीठ के समक्ष सूचीबद्ध हुआ।
मुकदमे के खर्च और औचित्य पर विजय सिंह का एतराज
टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा के खेमे द्वारा चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को हाईकोर्ट में चुनौती दिए जाने के कुछ ही घंटे बाद टाटा ट्रस्ट्स के वाइस चेयरमैन विजय सिंह ने महाराष्ट्र के चैरिटी कमिश्नर के पास शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने एसडीटीटी के कोष के सही उपयोग और न्यासियों के नैतिक कर्तव्यों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि विजय सिंह और सह-न्यासी वेणु श्रीनिवासन ने अदालत जाने के प्रस्ताव का विरोध किया था।
विजय सिंह का तर्क है कि ट्रस्ट की निधि का उपयोग किसी नियामकीय अनिवार्यता यानी आरबीआई के लिस्टिंग प्रावधानों को रोकने के लिए नहीं किया जा सकता। उन्होंने चैरिटी कमिश्नर से इस कानूनी कार्रवाई पर होने वाले व्यय की तुरंत पड़ताल करने और 30 नवंबर की बोर्ड बैठक रोकने की मांग पर ट्रस्ट का धन खर्च न करने का निर्देश देने का निवेदन किया है।
क्यों टकराव की स्थिति में हैं दोनों पक्ष
इस पूरे घटनाक्रम की मूल वजह भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के तहत टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने की बाध्यता है। चेयरमैन नोएल टाटा, उनके पुत्र नेविल और भास्कर भट के समर्थन से हाईकोर्ट जाने का प्रस्ताव पारित किया गया था। नोएल टाटा कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने के पक्ष में नहीं हैं। उनका मानना है कि इससे 'टाटा वे' यानी कामकाज की पारंपरिक संस्कृति प्रभावित होगी और बाजार व निवेशकों के दबाव में अल्पकालिक मुनाफे को तरजीह देनी पड़ेगी, जिससे दीर्घकालिक परियोजनाओं में निवेश पर असर पड़ेगा।
दूसरी ओर, पूर्व रक्षा सचिव विजय सिंह की चिंता यह है कि 30 नवंबर की बैठक में आरबीआई के लिस्टिंग नियमों के पालन और समय-सीमा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने हैं। यदि हाईकोर्ट से किसी प्रकार की रोक लगती है, तो नियामकीय प्रावधानों के अनुपालन में अनिश्चितकाल के लिए देरी हो सकती है, जिससे ट्रस्ट की हिस्सेदारी के मूल्य और तरलता पर बड़ा जोखिम खड़ा हो सकता है।
