आगरा के इस बाजार में सजती थी जिस्म की मंडी, ग्राहक बने पुलिसवालों ने ऐसा किया पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने कश्मीरी बाजार के सात कोठों पर छापा मारा. इस छापेमारी में पुलिस ने 21 संचालिका एवं सहयोगी समते महिलाएं, 11 पीड़ित महिलाएं और 11 ग्राहकों को पकड़ा है. दरअसल प्रयागराज की गुड़िया संस्था ने पुलिस को सूचना दी थी कि कश्मीरी बाजार में कोठों पर देह व्यापार हो रहा है. इस पर पुलिस और संस्था के सदस्य चार दिन से रेकी कर रहे थे. पुलिस ग्राहक बनकर भी गई. शुक्रवार को एक सदस्य और सिपाही कोठों में गए.
देह व्यापार की पुष्टि होने पर दोपहर तीन बजे सीओ कोतवाली अब्दुल कादिर ने पुलिस फोर्स के साथ छापा मारा. एक के बाद एक सात कोठों की तलाशी ली गई. यहां से 32 महिलाएं और 11 ग्राहक पकड़े गए. पुलिस सभी को वाहनों से थाना कोतवाली ले आई. पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में लोग जुट गए. सूचना पर उद्धार अधिकारी मिंदर सिंह आ गए. उन्होंने पकड़ी गईं महिलाओं से पूछताछ की.
उधर, संचालिका और उनकी सहयोगी महिलाओं ने थाने में हंगामा किया. हालांकि पुलिस ने उन्हें शांत किया. सीओ कोतवाली ने बताया कि 21 महिलाएं आरोपी हैं. इनको कोर्ट में पेश किया जाएगा, पीड़ित महिलाओं को कोर्ट के आदेश पर नारी संरक्षण गृह भेजेंगे.
11 महिलाओं को किया था कैद
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि 11 महिलाओं को जबरन देह व्यापार में धकेला गया था. वो काफी समय से कोठों पर कैद थी. इनमें आगरा, मेरठ सहित पश्चिम बंगाल की महिलाएं भी शामिल हैं. इनकी उम्र 25 से 35 साल तक है.
पीड़ित महिलाओं से पुलिस घर के पते की जानकारी ले रही है. जिससे पीड़िताओं को काउंसलिंग के बाद घर पहुंचाया जा सके. इन महिलाओं के परिजनों से भी संपर्क किया जाएगा. कुछ महिलाएं आर्थिक तंगी की वजह से देह व्यापार गिरोह के चंगुल में फंसी हुई थीं.
