जेटली के निधन पर एमपी में शोक की लहर, शिवराज ने कहा बड़ा भाई खो दिया

पूर्व वित्त मंत्री अरूण जेटली के निधन से मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में भी शोक की लहर दौड़ गई है. मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. कमलनाथ ने कहा कि जेटली उनके करीबी थे. दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने अपने श्रद्धांजलि संदेश में उन्हें अच्छा वकील, अच्छा सांसद और नेक इंसान बताया. जबकि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज उन्होंने अपने बड़े भाई को खो दिया है.
करीबी संबंध थे
पूर्व वित्त मंत्री अरूण जेटली का आज निधन हो गया. सभी दलों के नेताओं से श्री जेटली के अच्छे संबंध थे. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि, 'उनके निधन का समाचार दुखद है. मेरा उनका सदैव करीबी संबंध रहा, उनका निधन राजनैतिक क्षेत्र की एक अपूर्णीय क्षति है. परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं. ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे.'
नेक इंसान थे जेटली
एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने श्रद्धांजलि संदेश में उन्हें एक नेक इंसान बताया. श्री सिंह ने कहा, ' अरुण जेटली नहीं रहे. बड़े लम्बे समय से बीमार थे. उनके निधन से भारतीय राजनीति को अपूर्णीय क्षति हुई है. वे अच्छे वकील, अच्छे सांसद होने के साथ एक नेक इंसान थे. मैं उनको श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं, कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें.'
बड़ा भाई खो दिया
एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्होंने आज अपना बड़ा भाई खो दिया है. श्री चौहान ने कहा, 'आज यह विश्वास करना मुश्किल हो रहा है कि हमारे बड़े भाई अरुण जेटली जी अब हमारे बीच नहीं रहे. उनके निधन से देश ने एक ईमानदार, उदार तथा उत्कृष्ट राजनेता को खो दिया है. ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह असीम पीड़ा सहन करने की शक्ति दें. विनम्र श्रद्धांजलि!'
एमपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने जेटली के निधन पर शोक जताते हुए इसे देश के लिए अपूर्णीय क्षति बताया. राकेश सिंह के मुताबिक जेटली सिर्फ एक राजनेता नही बल्कि वरिष्ठ नेताओ में से थे जिनके साथ काम करना एक सुखद अनुभव था.
