तलवार से बाइक क्षतिग्रस्त कर जान से मारने की धमकी, गिरफ्तार

बिलासपुर । कल रात तलवार लेकर जूनी लाइन में बाइक में तोडफ़ोड़ करते हुए दरवाजे पर तलवार पर प्रहार करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि आरोपी प्रार्थी के परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए गाली गलौच भी कर रहा था। पुलिस आगे की कार्रवाई में लगी हुई है। कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जूनी लाईन में रहने वाले आरिफ खान ने थाना पहुंचकर बताया कि कल देर रात पड़ोस में रहने वाला आरोपी सलमान खान उर्फ सल्लू जो उसके भतीजे मो.सादिक खान का नाम लेकर गाली गलौच कर रहा था जिसे मना किया गया उसके बाद आरोपी सलमान घर से तलवार लेकर आ गया और तलवार से घर के सामने खड़ी बाइक पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। तलवार से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। घर वालों ने जब घर का दरवाजा बंद कर लिया तब आरोपी ने तलवार से जान से मारने की धमकी देते हुए दरवाजे पर भी ताबड़तोड़ प्रहार किया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 427, 294, 506 एवं 25 आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
