अग्रवाल समाज में ‘आपकी समिति आपके द्वार’ योजना नए सिरे से क्रियान्वित होगी : सिंघल

इन्दौर । जैन तीर्थ गोम्मटगिरि पर आज एक गरिमापूर्ण समारोह में जैन सोशल ग्रुप एवं बोर्न फ्रेण्डस ग्रुप की ओर से अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंघल एवं अन्य नए पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष सिंघल ने अग्रवाल समाज में ठोस मैदानी कार्यों की श्रृंखला शुरू करने, ‘आपकी समिति आपके द्वार’ योजना को नए सिरे से क्रियान्वित करने और अग्रसेन जयंती महोत्सव को धूमधाम से मनाने के संकल्प व्यक्त किए।
जैन सोशल ग्रुप की ओर से निर्मल जैन एवं उनकी टीम के सदस्यों ने आज अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति के निर्विरोध निर्वाचित हुए कुछ पदाधिकारियों को गोम्मटगिरी पर आमंत्रित किया और मालवी पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया। इनमें अध्यक्ष सिंघल के अलावा पूर्व अध्यक्ष संतोष गोयल, सहमंत्री राजेश इंजीनियर, पुष्पा गुप्ता, अनिल मंगल, प्रयोग गर्ग, शरद जनपद एवं शरद गोयल शामिल थे। संचालन नीता बंसल एवं निर्मल जैन ने किया। कार्यक्रम में रघुनंदन बंसल, राजेश अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल एवं राजेंद्र अग्रवाल सहित अग्रवाल एवं जैन समाज के प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
