सांसद लालवानी ने विद्याधाम में की पूजा-अर्चना

इन्दौर । देश में सबसे लंबे राष्ट्रीय ध्वज को फहराकर विश्व कीर्तिमान बनाने वाली संस्था लोकोपकार सेवा वाटिका वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में सांसद शंकर लालवानी ने विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सान्निध्य में गौशाला में गौवंश का पूजन किया। सोसायटी की अध्यक्ष अदिति सिंघल ने बताया कि सांसद ने आश्रम स्थित भगवती महा त्रिपुर सुंदरी की पूजा-अर्चना भी की और महामंडलेश्वरजी से शुभाशीष भी प्राप्त किए। सांसद के चुनाव में लालवानी ने नामांकन पत्र प्रस्तुत करने के पूर्व श्री श्रीविद्याधाम में पूजा-अर्चना की थी। इस अवसर पर महामंडलेश्वरजी ने उन्हें समाज के जरूरतमंद बंधुओं की आंखों के आंसू पोंछने के महायज्ञ की सफलता के लिए आशीर्वाद प्रदान किए। कार्यक्रम में समाजसेवी सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा, आचार्य पं. राजेश शर्मा, योगेश होलानी, रमेशचंद्र राठौड़, विनोद सिंघल सहित अनेक गणमान्य बंधु उपस्थित थे।
