बरेली: गुस्से में आकर दामाद ने चबाई सास की नाक, चाकू से काटा कान

यूपी के बरेली में रविवार शाम कैंट थाना क्षेत्र में पीलीभीत से बेटी की ससुराल पहुंचे दामाद और उसके परिवार के लोगों ने मारपीट कर दी. इस दौरान दामाद ने मुंह से अपनी सास की नाक चबा ली और चाकू से कान का एक हिस्सा काट दिया. घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से प्लास्टिक सर्जरी के लिए उन्हें लखनऊ रेफर किया गया. घटना के बाद ससुर ने दामाद समेत छह लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है.
पुलिस के मुताबिक पीलीभीत शहर निवासी एक मुस्लिम दंपती ने अपनी बेटी की शादी कैंट थाने के गांव में की है. 31 अगस्त को उसकी शादी की पहली सालगिरह है. शनिवार को दंपती अपनी बेटी से मिलने उसकी ससुराल आए थे. उन्होंने कुछ दिन बेटी और नवासे को साथ ले जाने को कहा तो दामाद और उसके घरवालों ने झगड़ा शुरू कर दिया. थोड़ी ही देर में मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि दामाद ने मुंह से सास की नाक का अगला हिस्सा काट लिया जो बाद में भी नहीं मिला. उनके दायें कान पर चाकू से वार किया.
ससुर को भी जमकर पीटा और उन पर लाइसेंसी बंदूक तान दी. उन्होंने पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी तो उन्हें घर से निकाला जा सका. घटना के बाद आरोपी दामाद परिवार समेत मौके से फरार हो गया. तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने दामाद समेत 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है.
