टीम हित में ही लिए जाते हैं फैसले : विराट

एंटीगा । भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने हाल के दिनों में टीम चयन को लेकर हुई आलोचनाओं को लेकर कहा कि सभी फैसले टीम हित को देखते हुए ही लिए जाते हैं। विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप सीरीज के अपने टेस्ट में वेस्टइंडीज को 318 रनों हराने के बाद विराट ने यह बात कही। इस मैच के लिए टीम में अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को जगह नहीं दिए पर काफी चर्चा हुई थी।
कोहली ने कहा, ‘हम सब चर्चा करके तय करते हैं कि टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ संयोजन क्या होगा। अंतिम 11 पर हमेशा चर्चा हो सकती है पर प्रबंधन में सभी को पता है कि यह टीम के हित में है।' इस मैच में अनुभवी रोहित शर्मा की जगह शामिल किये गये युवा हनुमा विहारी ने शानदार प्रदर्शन कर अपने चयन को सही साबित किया है। हनुमा ने पहली पारी में 32 रन जबकि दूसरी पारी में 93 रन बनाये।
कोहली ने आगे कहा, ‘हनुमा को इसलिए जगह मिली क्योंकि यह टीम संयोजन के लिए जरूरी था। कई बार ओवर रेट को पूरा करने के लिए वैकल्पिक गेंदबाज की जरूरत होती है।' सीमित ओवरों के क्रिकेट की तरह टेस्ट में जसप्रीत बुमराह अपनी फार्म और फिटनेस के शीर्ष पर थे जिसके लिए कप्तान ने उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘बुमराह के काम के बोझ का प्रबंधन जरूरी है, इसलिए उन्हें विश्व कप के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज के लिए आराम दिया गया था।'
