रिंग सेरेमनी से पहले डायमंड का नेकलेस, सोने की अंगूठी और नकदी लेकर बच्चा फरार

शहर के डिवेंचर होटल में चल रहे रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में नये कपड़े पहना एक सात साल का बच्चा रुपयों और ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। जैसे ही महिला ने देखा कि उसका बैग गायब है तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला ने शोर मचाया तो सभी जगह चेक किया गया लेकिन कहीं पर भी बैग नहीं मिला। इस पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो एक बच्चा बैग लेकर जाता नजर आया। चोरी हुए बैग में 25 हजार रुपये की नकदी और एक डायमंड नेकलेस सेट व एक डायमंड रिंग थी। महिला का मोबाइल भी उसमें था। पीड़ित परिवार ने बच्चे समेत होटल के स्टाफ और वेटरों पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें चोरों को तलाश रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को काबू किया जाएगा।
दिल्ली आनंद विहार निवासी सुमन लता ने बताया कि वह दिल्ली में अध्यापिका है। उसके पति बैंक में अधिकारी हैं। रविवार को उनके बेटे अनुज की रिंग सेरेमनी थी। करनाल के सेक्टर-4 निवासी निधि के साथ उसकी सगाई थी। महिला ने बताया कि इसके लिए नमस्ते चौक स्थित होटल डिवेंचर का शगुन हाल बुक किया था।
दोपहर को कार्यक्रम चल रहा था और सभी खाने में मशगूल थे। रिश्तेदारों की आवभगत करते समय उसने बैग कुर्सी पर रख दिया। कुछ ही देर में बैग गायब मिला। इस पर आसपास चेक किया तो बैग नहीं मिला। बाद में पुलिस को सूचना देनी पड़ी। पुलिस ने आकर सीसीटीवी फुटेज देखा तो एक बच्चा बैग चुराते नजर आया। महिला ने बताया कि बैग में नकदी समेत लाखों का सामान था।
