BOX OFFICE पर जारी है ‘बाटला हाउस’ का जलवा, अब तक बटोरे इतने करोड़

नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम की फिल्म 'बाटला हाउस' बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में लगातार अच्छा कर रही है. इससे पता चलता है कि दर्शकों को फिल्म बेहद पसंद आई है. इस फिल्म में निखिल आडवाणी का डायरेक्शन वाकई काबिले तारीफ है. एक सच्ची घटना पर आधारित और देशभक्ति से लबरेज इस फिल्म में जॉन अब्राहम के अलावा मृणाल ठाकुर, नोरा फतेही और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म को रिलीज हुए आज 13 दिन बीत चुके हैं और फिल्म के 12वें दिन तक का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भी सामने आ चुका है.
निखिल आडवाणी द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस इंडिया के हिसाब से 12वें दिन लगभग 2 करोड़ रुपये की कमाई करने में सफलता हासिल है. इस हिसाब से इस फिल्म में अब तक बॉक्स ऑफिस पर लगभग 77.75 करोड़ का बिजनेस करने में सफल रही है. बता दें, पिछले कुछ सालों से जॉन का झुकाव देशभक्ति फिल्मों की तरफ ही नजर आ रहा है. इससे पहले भी वह 'परमाणु' और 'सत्यमेव जयते' जैसी फिल्मों से लोगों का दिल जीतने में सफल रहे हैं.
गौरतलब है कि 19 सितंबर, 2008 को जब दिल्ली के बाटला हाउस में दिल्ली पुलिस ने एक एनकाउंटर किया और उसके बाद पूरे देश में दिल्ली पुलिस के खिलाफ आवाज उठाई गई. इस एनकाउंटर को कई लोगों ने झूठा बोला तो कइयों ने मरने वाले आतंकवादियों को स्टूडेंट बताया. इसी सच और लड़ाई की कहानी लेकर डायरेक्टर निखिल आडवाणी ने फिल्म बनाई है. फिल्म में जॉन अब्राहम 'संजीव कुमार यादव' और रवि किशन 'के के' की भूमिका में हैं, जो दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के ऑफिसर हैं. यह फिल्म 15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.
