कॉम्पिस्ट ने ट्रांसपोर्ट नगर की समस्याओं के निराकरण हेतु दिग्विजयसिंह को सौंपा ज्ञापन

भोपाल । भोपाल के एक मात्र कोकता ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को आ रही परेशानियों एवं कठिनाईयों, समस्याओं के निराकरण हेतु कॉम्पिस्ट के अध्यक्ष गोविंद गोयल की अध्यक्षता में ट्रांसपोर्ट नगर में एक मीटिंग आहूत की गई। मीटिंग में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, विशेष अतिथि कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में एडीएम जे.पी. सचान एवं कमिश्नर नगर निगम भोपाल विजय दत्ता उपस्थित थे।
श्री गोयल ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की समस्याओं के निराकरण, ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को हो रही असुविधा को दूर करने और व्यवस्थित ट्रांसपोर्ट नगर बनाने के लिए दिग्विजय सिंह के समक्ष अपनी बात रखते हुए 18 सूत्रीय मांग पत्र रखा और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के साथ उन्हें सौंपा तथा उन्हें पूरा किये जाने की मांग की।
दिग्विजयसिंह ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आप लोगों की जो भी समस्याएं हैं, उसके लिए एक पांच सदस्यीय समिति बनायें, जिसकी मीटिंग कलेक्टर, एवं नगर निगम कमिश्नर के साथ करायी जायेगी। इससे हम हम जल्द ही आपकी समस्याओं के निराकरण की कार्ययोजना तैयार करेंगे और आप सभी को समस्याओं से निजात दिलायेंगे। इस अवसर पर दिग्विजय सिंह ने गोविंद गोयल एवं कमिश्नर नगर निगम, एडीएम भोपाल तथा अन्य उपस्थित ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के साथ कोकता ट्रांसपोर्ट नगर का भ्रमण भी किया वहां की अव्यवस्था देखी, विगत तीन वर्षों से निर्मित हो रहे आरटीओ कार्यालय का भी भ्रमण किया। मीटिंग में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी दिनेश जैन, ठाकुर लाल राजपूत, कमल पंजवानी, सतीश शर्मा, अजय शर्मा, दिनेश चांदवानी, राजेन्द्र सिंह बग्गा (बिल्लू भैया) ने भी अपनी-अपनी बातें रखी। इस अवसर पर मो. सगीर, प्रकाश चौकसे, विपिन चौकसे सहित लगभग भोपाल के सभी ट्रांसपोर्टर्स उपस्थित थे।
