गिरिराज ने इमरान को बताया भस्मासुर, कहा हम करेंगे उनका पिंडदान

नई दिल्ली । कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने से बौखलाए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान द्वारा परमाणु युद्ध की धमकी दिए जाने पर भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया की है। उन्होंने कहा पाक पीएम इमरान भस्मासुर हैं। जरुरत पड़ी तो हम उनका पिंडदान करेंगे। उन्होंने दावा किया कि हम पाक अधिकृत कश्मीर लेकर रहेंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा इमरान का बयान बेहद बचकाना है। पीएम मोदी ने कहा था लड़ना है तो लड़ो, लेकिन पहली लड़ाई लड़ो गरीबी से, तुम भी लड़ो हम भी लड़ें। हम तो दुनिया की ताकत बन रहे हैं। तुम गधे बेच रहे हो, आतंकवाद भेज रहे हो। उन्होंने युद्ध जैसी बचकाना हरकत की तो वह हमारे वैदिक शास्त्रों के भस्मासुर जैसा काम करेंगे। भस्मासुर ने खुद ही आपने आपको नष्ट कर लिया था।
कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के मुद्दे पर केंद्र सरकार की मुखालफत कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्वीट पर भी केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रतिक्रिया की है। गिरिराज सिंह ने कहा राहुल का आज का बयान फिल्मी गाने की तरह है-सब कुछ लुटा के होश में आए तो क्या हुआ। उनको आज एहसास हुआ कि पूरा देश उनके खिलाफ है। राहुल ने पूरी दुनिया में देश की फजीहत कराई। मोदी जी को गाली देते-देते देश को गाली देने लगे। उन्होंने कहा कि पीओके हमारा है। नेहरू की गलतियों कारण पीओके हमारे हाथ से चला गया।
