जनसमस्या निवारण शिविर की जगह अब जन चौपाल 

राजनांदगांव। कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य ने समय-सीमा बैठक में आज जिला स्तरीय अधिकारियों को संबंधित विभागों के विकासखंड मुख्यालयों में कार्यरत अधिकारियों की हर माह एक बार समीक्षा बैठक लेने के निर्देश दिए हैं। श्री मौर्य ने कहा कि सभी अधिकारी सप्ताह में दो दिन फिल्ड विजिट भी करेंगे। फिल्ड विजिट से योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की वास्तविकता की जानकारी मिलेगी। श्री मौर्य ने अधिकारियों से कहा कि फिल्ड विजिट के दौरान मैदानी क्षेत्रों में संचालित विभागीय कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण जरूर करें। श्री मौर्य ने सभी एसडीएम को हर सोमवार विकासखंड स्तर के अधिकारियों की बैठक हर हाल में लेने के निर्देश दिए हैं। 
बैठक में जिला पंचायत राजनांदगांव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती तनुजा सलाम, अपर कलेक्टर श्री ओंकार यदु, संयुक्त कलेक्टर श्री एम.डी. तिगाला सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन  अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य ने प्रारंभ में मुख्यमंत्री जन चौपाल, मंत्रियों के कार्यालयों से प्राप्त आम जनता के आवेदनों, पीएनजी तथा कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय-सीमा में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। मुख्यमंत्री जन चौपाल और मंत्रियों से प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने के बाद विशेष वाहक से पत्र भेजकर जानकारी संबंधित मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित मंत्रियों के कार्यालयों में दी जाए। श्री मौर्य ने बैठक में  ऐसे आवेदनों की ऑनलाईन एन्ट्री करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। 
कलेक्टर श्री मौर्य ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मनरेगा और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की हर दिन समीक्षा करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अन्य निर्माण कार्यों के संबंध में भी महीने में चार बार समीक्षा बैठक ली जाए। कलेक्टर ने नदी किनारे वृक्षारोपण की समीक्षा करते हुए कहा कि पौधों को जीवित रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। 
गिरदावरी कार्य गंभीरता से किया जाए –
कलेक्टर श्री मौर्य ने बैठक में कहा कि असमान वर्षा के चलते राज्य सरकार के निर्देशानुसार गिरदावरी कार्य किया जा रहा है। इस कार्य को गंभीरता से किया जाए। हर गांव के किसानवार रकबा और फसल की जानकारी स्पष्ट रूप से मिलनी चाहिए। गिरदावरी की ऑनलाईन एन्ट्री भी की जानी है, इसकी भी पूरी तैयारी कर ली जाए। उन्होंने अविवादित भू-अर्जन के मामले में अभियान चलाकर राशि का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मौर्य ने बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों से खरीफ फसलों की स्थिति की जानकारी ली और भविष्य के लिए जरूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। 
जनसमस्या निवारण शिविर के जगह लगेगी जन चौपाल –
कलेक्टर श्री मौर्य ने आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगाए जा रहे जनसमस्या निवारण शिविरों की जगह पर जन चौपाल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन चौपाल लगाने के लिए कार्य योजना बनाई जाए। जन चौपाल में शामिल होने के लिए जाने वाले जिला स्तरीय अधिकारी चौपाल स्थल के आस-पास के क्षेत्रों का भी दौरा करेंगे और विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी लेंगे।
मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना के लिए तैयारी करने के निर्देश दिए –
कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य ने बैठक में मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना के तहत आदिवासी बहुल अंचलों में स्वास्थ्य जांच, इलाज और दवा वितरण के लिए कैम्प लगाने जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए भी कार्यक्रम बनाया जाए, ताकि योजना का लाभ लोगों को मिल सके। 
राशन कार्ड नवीनीकरण की प्रगति की भी समीक्षा –
कलेक्टर ने बैठक में राशन कार्ड नवीनीकरण अभियान के तहत ऑनलाईन एन्ट्री की प्रगति की समीक्षा भी बैठक में की। उन्होंने कहा कि आवेदनों का सत्यापन भी सही तरीके से किया जाना है। 
अवैध प्लाटिंग रोकने डायवर्सन करते समय विशेष ध्यान रखें –
कलेक्टर ने बैठक में अवैध प्लाटिंग रोकने के लिए की जा रही कार्रवाईयों की जानकारी बैठक में ली। उन्होंने कहा कि शहरों या कस्बों के आस-पास की जमीनों का डायवर्सन करते समय विशेष ध्यान रखा जाए। श्री मौर्य ने अधिकारियों को पूरे जिले में अवैध प्लाटिंग चिन्हित करने अधिकारियों को निर्देशित किया।

Leave a Reply