बिहार: ठेकेदार ने घूस नहीं दिया तो इंजीनियर ने जिंदा जलाकर मार डाला

बिहार के गोपालगंज जिले में गंडक प्रोजेक्ट कार्यालय में एक ठेकेदार को गुरूवार को जिंदा जलाकर मार डालने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस अधीक्षक राशिद जमा ने बताया कि मृतक ठेकेदार रामाशंकर सिंह के परिजनों द्वारा इस संबंध में प्रथमिकी दर्ज कराई गई है जिसमें उन्होंने बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुख्य अभियंता मुरलीधर सिंह पर रामाशंकर के बकाया राशि की भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग पूरी नहीं किए जाने पर उनकी हत्या कर दिए जाने का आरोप लगाया है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस द्वारा रामाशंकर के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप की जांच की जा रही है। आग लगने से ठेकेदार के जलने के मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रामाशंकर सिंह नामक ठेकेदार ने ही चीफ इंजीनियर के आवास का निर्माण कराया था। दो करोड़ 20 लाख रुपये की योजना थी। काम पूरा होने के बाद ठेकेदार ने जब 60 लाख से अधिक बकाए रुपये की मांग की तो चीफ इंजीनियर रुपये देने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। गुरुवार को ठेकेदार रुपये के लिए चीफ इंजीनियर के पास पहुंचे तो फिर से विवाद हो गया। इसके बाद ठेकेदार के शरीर में आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता पुलिस लगाने में जुटी हुई है।

रामाशंकर की हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 को कई घंटों तक जाम रखा जो कि बाद में पुलिस एवं प्रशासन के समझाने पर समाप्त हुआ।

 

Leave a Reply