बरगाड़ी: सीबीआई बोली- पंजाब सरकार ने केस हमें सौंप दिया, अब दखल देने का अधिकार नहीं

बरगाड़ी बेअदबी मामले में सीबीआई ने फिर पंजाब सरकार के लिए मुश्किल स्थिति पैदा कर दी है। पंजाब सरकार द्वारा सीबीआई अदालत में क्लोजर रिपोर्ट न देने के फैसले पर पुनर्विचार याचिका दायर की गई थी। इसके जवाब में गुरुवार को सीबीआई ने अदालत में कहा कि उनकी तरफ से केस के बारे में समय-समय पर पंजाब सरकार को अगवत करवाया जाता रहा है।
इस मामले में अब राज्य पुलिस को हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि पंजाब सरकार द्वारा केस सीबीआई को सौंप दिया गया है। ऐसे में इस मामले में सीबीआई ही जांच करेगी और कानूनी जंग लड़ेगी। इसके बाद अदालत ने मामले की अगली तारीख 19 सितंबर तय कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सीबीआई की विशेष अदालत में राज्य सरकार द्वारा दायर की गई पुनर्विचार याचिका में कहा गया था कि सीबीआई ने उनके साथ केस नंबर आरसी-13, 14 और 15 की जांच संबंधी जानकारी साझा नहीं की जबकि ये बेअदबी के सबसे बड़े मामले थे। वहीं सीबीआई ने अदालत में सरकार के दावे का विरोध करते हुए कहा कि इन केसों के बारे में सरकार को विभिन्न माध्यमों से बताया गया।
ऐसी कोई बात नहीं है। सीबीआई ने अदालत में कहा कि इन केसों को सुलझाने के लिए सीबीआई ने कई पहलुओं पर जांच की। ये सारे मामले आपस में जुड़े हुए हैं इसलिए इनकी ज्वाइंट क्लोजर रिपोर्ट फाइल की गई थी।
