अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर बोली, सवाल अनुच्छेद 370 के उन्मूलन का नहीं है बल्कि उसके तरीके का

मुंबई । बॉलिवुड की मशहूर अभिनेत्री और कांग्रेस नेता उर्मिला मातोंडकर ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाने के तरीके पर आपत्ति दर्ज करते हुए मीडिया से कहा सवाल अनुच्छेद 370 के उन्मूलन का नहीं है बल्कि इसे जिस तरीके से किया गया, उसके बारे में है। उर्मिला ने कहा कि उनके पति मोहसिन अख्तर मीर जम्मू-कश्मीर में रह रहे अपने माता-पिता से पिछले 22 दिनों से बात नहीं कर सके हैं। उर्मिला ने यह भी बताया कि उनके सास-ससुर को डायबिटीज और हाई-ब्लड प्रेशर की शिकायत है। उन्होंने कहा, 'मेरे ससुर और मेरी सास वहीं रहते हैं। दोनों को डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत है है। आज 22वां दिन है, न तो मैं और न ही मेरे पति उनसे बात कर पाए हैं। हमें इस बात की बिल्कुल भी जानकारी नहीं है कि घर पर दवाइयां हैं भी या नहीं।' गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में, गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में इस बात की घोषणा की कि सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 370 को रद्द करने का फैसला लिया है जो जम्मू और कश्मीर को विशेष दर्जा दिलाता है। सरकार ने इस क्षेत्र को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने की भी घोषणा की- जम्मू-कश्मीर जिसमें एक विधानसभा होगी और लद्दाख जिसमें कोई विधानसभा नहीं होगी। उर्मिला मार्च में कांग्रेस में शामिल हुई थीं।
