यहां चौकीदार ही निकला चोर, 3 माह का वेतन नहीं मिलने पर लूटे 6 लाख 76 रुपये

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के दंतेवाड़ा (Dantewada) में पुलिस ने शराब की दुकान में डकैती (Robbery) मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार (Arrest) करने का दावा किया है. दंतेवाड़ा के बचेली में बीते 30 अगस्त को सरकारी शराब की दुकान में डकैती हुई थी. पुलिस का दावा है कि दुकान के दो चौकीदारों ने ही अपराध की इस घटना की साजिश रची थी. बचेली शराब की दुकान में 6 लाख 76 हजार की डकैती की गई थी. मामले में 9 आरोपियों को पुलिस ने 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने का दावा किया है.
पुलिस (Police) ने बताया कि दो चौकीदारों से लूट के 6 लाख 5 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं. दंतेवाड़ा के एडिशनल एसपी (ASP) सूरज सिंह परिहार ने डकैती का खुलासा करते बताया कि शराब दुकान का चौकीदार ही डकैत निकला. सभी नौ आरोपितों सहित छह लाख पांच हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए है. आरोपितों पर कार्रवाई करते हुए आईपीसी (IPC) की धारा 143, 380, 457 के तहत मामला कायम कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. आरोपियों ने शातिराना तरीके से साजिश रची थी.
तीन माह का वेतन नहीं मिला
चौकीदार ने बताया कि 3 माह का वेतन नही मिला था जिसकी वजह से पैसे लूटने की योजना बनाकर लूट लिए पैसे और आपस मे बांट लिए. पुलिस को दो दिनों की तफ्तीश के दौरान घटना में दो वारदातों के होने से जांच में खासी माथापच्ची करनी पड़ी. दरअसल 30 अगस्त को सुबह 11 बजे करीब पहले धनीराम स्ताम, राजेश कर्मा, मनकू तामो, अजय तामो, महेश तामो और उमेश तामो कुल 6 आरोपितों ने बियर के साथ गल्ले से चिल्हर चुराकर अपनी पहचान छुपाने सीसीटीवी का डीवीआर लेकर निकल गए. इस दौरान गार्ड डरकर चुपचाप देखते रहे. चोरों के जाने के बाद गार्डों ने लॉकर में रखे 6 लाख 76 हजार रुपये को लॉकर तोड़कर निकाल लिया और आपस में बांट लिया. पुलिस को हथियार के दम पर डकैती की काल्पनिक घटना इन्होंने बताई.
