जापान और दक्षिण कोरिया के पांच दिवसीय दौरे पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह

नई दिल्‍ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह द्विपक्षीय वार्ता के लिए जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर हैं। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार जापान यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री जापान के रक्षा मंत्री ताकेशी इवाया के साथ वार्षिक रक्षा मंत्रिस्तरीय संवाद की सह-अध्यक्षता करेंगे।

बताया जा रहा है कि भारतीय रक्षामंत्री के इस दौरे का मकसद भारत-जापान विशेष सामरिक एवं वैश्विक साझेदारी को मजबूत बनाना है। इसके अलावा दोनों देशों के बीच पारस्परिक रक्षा और सुरक्षा के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। अपनी यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे से मुलाकात भी करेंगे।

वहीं, दक्षिण कोरिया में राजनाथ सिंह राष्ट्रीय रक्षा मंत्री जियोंग केइयोंग-डू के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। वे दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री श्री ली नाक-योन से भेंट करेंगे। वह दक्षिण कोरिया की राजधानी में रक्षा उद्योग सहयोग के लिए होने वाली वार्ता का भी हिस्सा होंगे। यहां सियोल में बिजनेस टू गवर्नमेंट (बी2जी) बैठक में दोनों देशों के रक्षा उद्योग से जुड़े लोग शामिल होंगे।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने अपने विदेशी दौरे की जानकारी अपने ट्विटर हैंडल पर भी दी है। उन्‍होंने जापानी भाषा में भी कुछ ट्वीट किए हैं। एक ट्वीट में उन्‍होंने बताया कि वह जापान के पीएम शिंजो आबे से भी मिलेंगे। भारत और पाकिस्‍तान के बीच कश्‍मीर मुद्दे को लेकर चल रहे विवाद के दौरान रक्षामंत्री का ये दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
 

Leave a Reply