बिहार की जेल में बर्थडे पार्टी, कुख्यात पिंटू तिवारी ने मनाया जश्न

बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह लकवाग्रस्त हो चुकी है। कभी आए दिन भीड़ द्वारा किसी की हत्या कर दी जाती है, तो कभी किसी की दिन दहाड़े हत्या। बिहार की जेलों का भी यही हाल है। बिहार के जेलों में बंद कैदी भी जेल के अंदर मस्ती कर रहे हैं।
कभी कैदियों की सेल्फी लेती तस्वीरें सामने आती है तो कभी दावत उड़ाते। कुछ ऐसी ही तस्वीरें बिहार के सीतामढ़ी जेल से आई है, जहां एक कुख्यात अपराधी पिंटू तिवारी को अपना जन्मदिन मनाते देखा जा सकता है।
इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया जिसमें जेल में बंद कुख्यात बदमाश का जन्मदिन मना रहा है। पिंटू तिवारी दरभंगा के डबल इंजीनियर हत्या के मामले में सीतामढ़ी जेल में बंद है।
सूत्रों की मानें तो कुख्यात ने अन्य कैदियों के साथ मिलकर गुरुवार की शाम अपने जन्मदिन पर केक काटा, साथ ही मिठाइयां बांटी तथा जश्न भी मनाया। इस दौरान सभी कैदियों ने शाकाहारी व मांसाहारी भोजन का आनंद उठाया।
जेल में बंद कैदियों ने पिंटू को उपहार भी दिए। इस घटना के बाद जेल मुख्यालय ने जांच का जिम्मा मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल के अधीक्षक राजीव कुमार सिंह को सौंपा है। शनिवार रात ही राजीव कुमार सिंह ने सीतामढ़ी जेल पहुंच कर जांच शुरू कर दी।
इस मामले को लेकर जब सीतामढ़ी के जेल अधीक्षक राजेश राय से सवाल किया गया तो उनका कहना था कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है। लेकिन जेल मैनुएल के विरुद्ध बात सही साबित होती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पिंटू तिवारी उर्फ पिंटू झा इलाके का कुख्यात अपराधी है। तीस साल के इस अपराधी को जुर्म का बेताज बादशाह बताया जाता है। वह दरभंगा में हुए डबल इंजीनियर हत्या कांड का आरोपी है। जानकारी के मुताबिक, सीतामढ़ी जेल में उसकी तूती बोलती है। पिंटू तिवारी उर्फ पिंटू झा को मारे गए कुख्यात अपराधी संतोष झा का शूटर भी बताया जाता है।
