पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान राजेंद्र गुप्ता का इस्तीफा, कहा- हो रही थी अनदेखी

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बेहतरीन क्रिकेट मुकाबलों का सफल आयोजन करने वाला पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) में इन दिनों विवादों में फंसता नजर आ रहा है। बीते शनिवार को जहां पूर्व रणजी खिलाड़ी राकेश हांडा ने मुल्लांपुर में बन रहे नए स्टेडियम की जमीन को लेकर पीसीए के पूर्व सचिव जीएस वालिया पर गंभीर आरोप लगाए थे। वहीं, रविवार को पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान राजेंद्र गुप्ता ने पीसीए में अपनी अनदेखी का हवाला देते हुए प्रधान पद से इस्तीफा दे दिया।
राजेंद्र गुप्ता ने अपने इस्तीफे के बाद कहा कि प्रधान पद पर रहते हुए पंजाब के खिलाड़ियों की देखरेख की जिम्मेदारी वह पूरी तरह से नहीं निभा पा रहे थे। इसके चलते वह दुखी मन से इस्तीफा दे रहे हैं। वहीं, पीसीए के सचिव आरपी सिंगला ने भी सुबह अपने पद से इस्तीफा दे दिया लेकिन सिंगला ने कहा कि मैंने इस्तीफा तो दे दिया है, अब देखना है कि एक्जीक्यूटिव कमेटी मेरा इस्तीफा स्वीकार करती है या नहीं। यहां यह बता दें कि पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव 8 सितंबर को होने जा रहे हैं। ऐसे में कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि चुनाव में कुछ ही दिन बचे हैं इसीलिए सिंगला ने अपने पद से इस्तीफा दिया है।

बता दें कि राजेंद्र सिंगला पहली बार बिना ऑफिसर लॉबी के पीसीए के प्रधान बने थे जबकि पीसीए में ऑफिसर लॉबी हावी है। इस्तीफे के बाद राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि  कई अहम फैसलों में मेरी रजामंदी नहीं ली जाती थी। ऐसा माहौल मुझे पिछले कई समय से दुखी कर रहा था। अपनी अनदेखी होते देख मैंने दुखी मन से अपना इस्तीफा दे दिया। इन्होंने कहा कि पीसीए में चुनाव होने जा रहे हैं, लेकिन इसके बारे में मुझे बताया तक नहीं गया। जब मैंने पूछा तो मुझे कहा गया कि आपका इन चुनावों से कुछ लेना देना नहीं है। आपको लोढ़ा कमेटी के तहत प्रधान बनाया गया था।

पीसीए स्टेडियम के बाहर जमकर हंगामा
क्रिकेट प्लेयर्स ऑफ पंजाब एसोसिएशन, जिसमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर भूपिंदर सिंह सीनियर और राकेश हांडा शामिल हैं, उनको रविवार सुबह पीसीए अध्यक्ष ने मिलने का समय दिया था। इन लोगों के साथ रविवार को जब पंजाब के विभिन्न जिलों से पूर्व खिलाड़ी पहुंचे तो पीसीए की ओर से स्टेडियम के बाहर नोटिस बोर्ड पर लिख दिया गया कि आज की बैठक रद्द हो गई है। ऐसे में क्रिकेट प्लेयर्स ऑफ पंजाब एसोसिएशन के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। वहीं स्टेडियम के अंदर उपस्थित पीसीए के सदस्य जोकि अलग-अलग डिस्ट्रिक्ट से आए थे, उन्होंने क्रिकेट प्लेयर्स ऑफ पंजाब के सदस्यों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी से माहौल गर्म हो गया और वहां पर पंजाब पुलिस को बुलाना पड़ा।

पीसीए अध्यक्ष राजेंन्द्र गुप्ता ने मीडिया के सामने इस्तीफा देने की घोषणा कर दी हैं लेकिन मेरे पास अभी तक उनका इस्तीफा नहीं पहुंचा है।
-आरपी सिंगला, सचिव, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन

Leave a Reply