आधे घंटे लिफ्ट में फंसे रहे पोप

वेटिकन । वेटिकन में बिजली गुल हो जाने पर पोप फ्रांसिस रविवार को लिफ्ट में फंस गए और उन्हें दमकलकर्मियों ने 25 मिनट बाद सुरक्षित निकाला। पोप ने रविवार को सेंट पीटर्स स्क्वायर में अपने साप्ताहिक भाषण के दौरान लोगों को अपनी आपबीती सुनाई और सुरक्षित निकाले जाने पर दमकल विभाग का आभार जताया। दरअसल, वह इस साप्ताहिक कार्यक्रम में 10 मिनट की देरी से पहुंचे। उन्होंने मुस्कराते हुए वहां मौजूद लोगों से कहा, मैं आप लोगों से माफी चाहता हूं। इसके बाद उन्होंने बताया कि वेटिकन में बिजली की समस्या चल रही है और उन्हें 25 मिनट तक लिफ्ट में बंद रहना पड़ा। वेटिकन के दमकल ऑफिस को इसको जानकारी दी गई जिसके बाद राहतकर्मियों ने उन्हें लिफ्ट से निकाला। पोप ने कहा, दमकलकर्मियों की सराहना होनी चाहिए।
